कोविड-19 के मद्देनजर दवाइयों की दुकानों में चेकिंग
नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) के मद्देनजर डीसी दीप्ति उप्पल के आदेश पर शुक्रवार को फूड व ड्रग प्रबंधन विभाग की ओर से दवाइयों की दुकानों में चेकिंग की। ड्रग इंस्पेक्टर अनुपमा कालिया की अगुवाई में टीम ने चेकिंग के दौरान केमिस्टों से फेस मास्क और हैंड सेनेटाइजरों आदि की उपलब्धता की जांच की। इस दौरान केमिस्टों को हिदायत दी है कि जीवन रक्षक दवाइयां, फेस मास्क और हैंड सेनेटाइजरों आदि की ज्यादा कीमतें न वसूली जाए। किसी भी केमिस्ट को ऐसी चीजें प्रिंट रेट से ज्यादा दाम पर बेचने की इजाजत नहीं दी जाएगी। यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ ड्रग्ज प्राइज कंट्रोल आर्डर के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। कोरोना वायरस के खतरे के कारण दवाइयों और सेहत संबंधी जरूरी वस्तुएं जैसे सेनेटाइजर व मास्क आदि की मांग बहुत ज्यादा बढ़ गई है। इस मांग के बढ़ने के कारण कुछ केमिस्टों की ओर से इन वस्तुओं की अस्थाई या नकली कमी दिखाकर इनकी बहुत अधिक कीमत वसूलने या जमांखोरी की मिल रही खबरों के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है। भविष्य में भी ऐसी चेकिंग लगातार की जाएगी।
दवाइयों की दुकान में चेकिंग करते ड्रग इंस्पेक्टर अनुपमा कालिया व अन्य।