- Hindi News
- National
- Kapurthala News On The Father Son Production Warrant Of Bharat Gun House Which Provided Information From Chacha Gun House Opened The Shop And Searched For Several Hours
चाचा गन हाउस से असलहा मुहैया करवाने वाले भारत गन हाउस के बाप बेटा प्रोडक्शन वारंट पर, दुकान खुलवाकर कई घंटों तक खंगाला रिकॉर्ड
जालंधर के लवली आटोज गोलीकांड में कपूरथला के चाचा गन हाउस से असलहा मुहैया करवाने वाले जालंधर के इस्लामगंज स्थित भारत गन हाउस के मालिक बाप-बेटे को पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। दोनों बाप-बेटा को चाचा गन हाउस में लाकर कई घंटे पूछताछ की गई। पुलिस गन हाउस का रिकॉर्ड खंगालने में लगी हुई है। पुलिस का संदेह है कि इस बाप-बेटे ने लवली ऑटोज के गोलीकांड के अलावा किसी गैंगस्टरों को असलहा सप्लाई तो नहीं किया था। चाचा गन हाउस को पुलिस ने 12 फरवरी को केस दर्ज करने के बाद सील कर दिया था। अब बाप-बेटे को प्रोडक्शन वारंट पर लेने के बाद गन हाउस को पुलिस की मुस्तैदी में खोला गया। गन हाउस में केवल पुलिस ने रिकॉर्ड की जांच की। पुलिस के मुताबिक गन हाउस का मालिक अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगी है।
पुलिस को संदेह-दोनों गन हाउस मिलीभगत कर गैंगस्टरों को मुहैया करवाते थे हथियार, गन हाउस के फरार मालिक की तलाश जारी
जालंधर के लवली ऑटोज गोलीकांड में इस्लामगंज जालंधर के भारत गन हाउस के मालिक विक्रमजीत सिंह और सवरण सिंह ने कपूरथला के चाचा गन हाउस से अस्लहा मुहैया करवाया था। इसका खुलासा होने के बाद 12 फरवरी को थाना सिटी पुलिस ने चाचा गन हाउस के मालिक संदीप सिंह, विक्रमजीत सिंह, सवरणजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था। विक्रमजीत सिंह और सवरण सिंह तभी से लवली ऑटोज गोलीकांड मामले में जेल में बंद थे। अब थाना सिटी पुलिस ने दोनों बाप-बेटे को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। मामले की जांच कर रहे थाना सिटी के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने कहा कि विक्रमजीत सिंह और सवरणजीत सिंह ने जालंधर पुलिस के सामने कबूल किया था कि उन्होंने कपूरथला के चाचा गन हाउस से असलहा मुहैया करवाया था। मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, असलहा और किन-किन लोगों को मुहैया करवाया गया है, इसका पता लगाने के लिए दोनों बाप-बेटे को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गन हाउस का रिकॉर्ड खंगाला गया। पुलिस को जांच में कई खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से देख रही है।
जालंधर के लवली ऑटोज में गोलीकांड
कपूरथला में चाचा गन हाउस में रिकॉर्ड खंगालती थाना सिटी पुलिस। -भास्कर
विदेश में है चाचा गन हाउस का मालिक
थाना सिटी पुलिस ने 12 फरवरी को चाचा गन हाउस के मालिक संदीप सिंह और जालंधर के बाप-बेटा विक्रमजीत सिंह और सवरणजीत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। जांच में पाया गया था कि चाचा गन हाउस बिना लाइसेंस के चल रहा था। चुनाव आचार संहिता के समय असलहा धारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर चाचा गन हाउस पर केस दर्ज किया तो सामने आया कि गन हाउस के लाइसेंस की समय अवधि खत्म हो चुकी थी लेकिन गन हाउस का मालिक संदीप सिंह निवासी बनवालीपुर की िमलीभगत से विक्रमजीत सिंह और उसका पिता सवरणजीत सिंह गन हाउस में जमा रसीदों की जाली दस्तावेज तैयार करके उनपर संदीप सिंह के फर्जी हस्ताक्षर करके खुद या किसी और के जरिए असलहा शरारती तत्वों को देते थे। सूत्र बताते हैं कि केस दर्ज होने की पहले से चाचा गन हाउस के मालिक संदीप सिंह विदेश में है। थाना सिटी के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि गन हाउस का मालिक संदीप सिंह फरार है। उसकी तलाश जारी है।
लवली ऑटोज में युवक ने लड़की को गोली मारकर खुद को गोली मार ली थी
6 मई 2019 को जालंधर के लवली ऑटोज में एक युवक ने एक लड़की को गोली मारकर खुद को गोली मार ली थी। पुलिस की जांच में सामने आया था कि युवक की ओर से इस्तेमाल असलहा कपूरथला के चाचा गन हाउस में किसी महिला के नाम पर जमा था। उस समय चुनाव का दौर होने के कारण अाचार संहिता भी लगी हुई थी। पुलिस की जांच में सामने आया था कि जिस हथियार से गोली चलाई गई, वह गन हाउस से लाया गया था।