- Hindi News
- National
- Kapurthala News School Principal Gave Clarification Deo Said Case Confidential Report Sent To Department Book Shop Closed
स्कूल प्रिंसिपल ने दिया स्पष्टीकरण, डीईओ बोले-मामला गोपनीय, रिपोर्ट विभाग को भेजी, बुक शॉप करवाई बंद
क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्कूल के पास एक शॉप में प्रिंट रेट से ज्यादा दाम पर किताबें बेचने के मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी किए पत्र के बाद स्कूल प्रिंसिपल डायरेक्टर शिक्षा विभाग के अधिकारी के पास पहुंचे। दूसरी तरफ स्कूल के नजदीक खुली बुक्स स्टोर बुधवार को ही बंद कर दी गई। स्कूल सूत्रों की मानें तो स्कूल प्रशासन ने जांच के झमेले से बचने के लिए बुक्स शॉप को बंद करवा दिया है। इधर जिला शिक्षा अधिकारी मस्सा सिंह का कहना है कि मामला गोपनीय है, जिसकी जांच की जा रही है। कार्रवाई के नाम पर शिक्षा अधिकारी ने कुछ भी बताने से मना कर दिया है। बस इतना ही कहा कि रिपोर्ट बनाकर विभाग को भेज दी गई है। मामले सबंधी स्कूल प्रिंसिपल को कई बार मोबाइल किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। गौरतलब है कि सोमवार को क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्कूल की ओर से बनाई गई लिस्ट के हिसाब से स्कूल परिसर से कुछ ही दूरी पर बुक शॉप की ओर से स्कूल की किताबें प्रिंट रेट से ज्यादा दाम में बेची जा रही थी। जैसे इस बात की भनक मीडिया को पड़ी तो वह मौके पर कई पत्रकार पहुंच
गए। जब मीडिया पहुंचा तो अभिभावकों ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्कूल प्रशासन की ओर से जिन लेखकों की किताबों की लिस्ट थमाई है, वह उक्त दुकान के सिवाए किसी अन्य दुकान से नहीं मिल रही हैं।
जो भी दोषी पाया गया, उस पर कानूनी कार्रवाई होगी
जिला शिक्षा अधिकारी मस्सा सिंह ने बताया कि क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्कूल के प्रिंसिपल ने पेश होकर अपना स्पष्टीकरण दे दिया है, जो गोपनीय है। उन्होंने रिपोर्ट बनाकर शिक्षा विभाग को भेज दी है। जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि स्कूल परिसर के पास बुक्स शॉप का खुलना अनाधिकृत है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को कह कर बुक्स शॉप बंद करवा दी है। प्रिंट रेट से ज्यादा दाम पर किताबें बेचने का मामला जांच का विषय है। यदि मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कसूर किसी का खमियाजा भुगत रहे अभिभावक... किताबें खरीदने जालंधर जा रहे
क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्कूल के पास खुली दुकान को बंद कराया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी मस्सा सिंह ने मामले की जांच के बाद स्कूल प्रबंधन को कहकर बुक शॉप बंद करवा दी है। क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक फिर से पशोपेश में हैं कि बुक्स कौन सी दुकान से खरीदी जाएं। कुछ अभिभावकों ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्कूल की ओर से कहा जा रहा है कि यदि किताबें खरीददारी है तो अब उन्हें किताबें जालंधर से मिलेंगी। अब अभिभावकों को जालंधर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।