- Hindi News
- National
- Kapurthala News Two Smugglers Including Seven Kilos Of Sawdust And 10 Grams Of Heroin Were Caught
सात किलो चूरापोस्त और 10 ग्राम हेरोइन समेत दो तस्करों को दबोचा
थाना कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग जगह से गश्त के दौरान दो युवकों को 7 िकलो चूरापोस्त और 10 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
थाना कोतवाली के एसएचओ नवदीप सिंह और बादशाहपुर चौकी के इंचार्ज एसआई अमनदीप कुमार ने बताया कि एएसआई रुपिंदर सिंह पुलिस पार्टी को साथ गांवों में गश्त के लिए जा रहे थे। जैसे ही पुलिस गांव बादशाहपुर के सरकारी स्कूल के पास पहुंची तो एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। उसने वजनदार प्लास्टिक का बोरा पकड़ा हुआ था। उक्त युवक पुलिस को देखते ही घबरा गया और पीछे की तरफ मुड़ने लगा। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसका पीछा कर काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम रोशन सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी गांव बादशाहपुर बताया। जब पुलिस टीम ने उसके बोरे की तलाशी ली तो उसमें से 7 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ।
एसएचओ नवदीप सिंह ने बताया कि एएसआई सतनाम सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव भगतपुर, बहुई, दंदूपुर की ओर गश्त के लिए जा रहे थे। जब पुलिस टीम गांव भगतपुर के पास पहुंची तो सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। उसने अपनी जेब से मोमी लिफाफा निकाला और सड़क किनारे फेंककर पीछे की तरफ मुड़ने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम अरुण कुमार उर्फ विक्की निवासी मोहल्ला शेरगढ़ बताया। जब पुलिस ने लिफाफे की जांच की तो उसमें से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
दोनों आरोपी एक दिन के रिमांड पर, पूछताछ जारी
एसएचओ नवदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश कर उनका एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को संभावना है कि आरोपियों से और भी कई अहम खुलासें हो सकते हैं।
चूरापोस्त और हेरोइन समेत पकड़े आरोपियों के बारे में जानकारी देते एसएचओ नवदीप सिंह। साथ हैं एसआई अमनदीप कुमार।