मनी एक्सचेंजर की दुकान से 1.30 लाख लेकर फरार
कश्मीर नगर की घटना, डॉलर बदलवाने आया था बदमाश
कश्मीर नगर में मनी एक्सचेंज की दुकान पर डॉलर बदलवाने के लिए आया बदमाश 1.30 लाख रुपए की नकदी चोरी करके ले गया। थोड़ी देर बाद जब मनी एक्सचेंजर ने नकदी गायब देखी तो पुलिस को सूचित किया। थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने कश्मीर नगर के पुनीत कत्याल की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की कश्मीर नगर में एमके मनी एक्सचेंजर के नाम से दुकान है।
आधार कार्ड लाने की बात कहकर गया आरोपी
दोपहर को पुनीत दुकान का शटर खुला छोड़कर अपने दोस्त के पास चला गया। जब वह थोड़ी देर बाद वापिस आया तो वहां एक युवक खड़ा था। शिकायतकर्ता दुकान में पहुंचा तो उक्त युवक भी पीछे से अंदर घुस गया। उसने उसे डॉलर बदलवाने की बात कही। जिस पर शिकायतकर्ता ने उसे आधार कार्ड के बिना मनी एक्सचेंज न होने की बात कही। जिस पर युवक आधार लाने की बात कहकर वापस चला गया। लेकिन जब शिकायतकर्ता ने लॉकर चैक किया तो उसमें से नकदी गायब थी। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी।