शिवसेना नेता कश्मीर गिरि पर 2 हमलावरों ने चलाईं गोलियां, घर में घुस कर बचाई जान
शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय प्रचारक पर सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे पुलिस थाने के 30 मीटर की दूरी पर दो नकाबपोश हमलावरों ने फायरिंग कर दी। वारदात के समय शिव दवाला मंदिर के महंत व शिवसेना नेता महंत कश्मीर गिरि मंदिर में पूजा अर्चना के लिए घर से निकल रहे थे। गेट खोलते ही बाइक पर सवार दो युवक तेजी से उनकी तरफ आए अौर आते ही फायरिंग करने लगे, एक गोली हवा में अौर एक गोली महंत के घर के मेन गेट पर लगी। हमले में महंत ने घर में घुसकर जान बचाई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। एक दिन पहले ही महंत कश्मीर गिरि ने देश के खिलाफ बयानबाजी करने वालों पर केस दर्ज करवाने को लेकर प्रदर्शन कर पुलिस को चेतावनी दी थी। हमले से पहले पांच बजकर 26 मिनट के आसपास एक सिख युवक जिसने अपना मुंह कपड़े से ढांप रखा था अौर एक मोना युवक जिसने हेलमेट पहना हुआ था, ने मंदिर व घर के आसपास दस चक्कर लगाए थे। वारदात के बाद इलाके में तनाव का मौहाल है, घटना का पता चलने पर राज्य भर से शिवसेना नेता खन्ना में जुटने शुरू हो गए हैं। वहीं, आईजी लुधियाना रेंज, एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस, एसएसपी खन्ना भारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मंहत के बयान के आधार पर धारा 307,506,34 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के खिलाफ केस दर्ज कर किया है।
हमले से पहले सिख अौर एक मोने युवक ने मंदिर व घर के आसपास 10 बार की रेकी
आईजी लुधियाना रेंज जसकरण सिंह ने कहा कि सुबह साढ़े पांच बजे महंत कश्मीर गिरि सुबह मंदिर जा रहे थे दो युवकों ने रेकी कर उन पर हमला किया है। युवकों ने हमले से पहले मंदिर और आसपास इलाकों की 10 बार रेकी की थी। महंत को पुलिस ने पहले सिक्योरिटी दी थी जिसे बढ़ाया जाएगा।
500 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले गए, शिवसेना नेता खन्ना पहुंचने शुरू, इलाके में तनाव, पुलिस बोली-शांति बनाए रखें
पुलिस की टीमों ने घटनास्थल के आसपास के दो किलोमीटर तक के रास्तों में 500 सीसीटीवी कैमरों को खंगाल लिया है, लेकिन अभी तक कोई भी सुराग नहीं लगा है। हमलावर कहां से आए कहां से फरार हुए इसके बारे में भी क्लीयर नहीं हो पाया है। जहां पुलिस अब तक हमलवारों द्वारा वारदात को अंजाम देने में पल्सर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल बता रही है जबकि सीसीटीवी फुटेज में सीडी 100 मोटरसाइकिल लग रहा है।
खुफिया एजेंसियों ने एक हफ्ते पहले किया था अलर्ट
एक दिन पहले ही कहा था-देश विरोधी बयान देने वालों पर केस दर्ज हों नहीं तो सड़क पर उतरकर करेंगे प्रदर्शन
महंत कश्मीर गिरि
आईजी बोले- महंत की बढ़ाई सुरक्षा**
शिवसेना राष्ट्रीय प्रचारक पिछले दिनों रिफ्रेंडम 20-20 के विरोध में प्रदर्शन कर चुके हैं। वह सीएए के समर्थन में भी प्रदर्शन करने के अलावा खालिस्तानियों के खिलाफ भी बयानबाजी कर चुके हैं। खुफिया एजेंसियों ने एक हफ्ते पहले उनपर हमले का अंदेशा जताते हुए अलर्ट किया था। बकायदा उनको सिक्योरिटी के तौर पर एक पुलिस कर्मी उपलब्ध करवाया था। दो दिन पहले महंत कश्मीर गिरि के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने देश के खिलाफ बयानबाजी पर केस दर्ज करवाने की मांग को लेकर पुलिस को चेतावनी दी थी।
पुलिस छावनी बना इलाका
पिछले कुछ दिनों में हिंदू नेताअों पर हमला या हमले की चेतावनी के बाद आज हुए हमले के बाद पुलिस जांच में कोई ढील नहीं छोड़ रही है। जहां सुबह से एसएसपी हरप्रीत सिंह टीम के साथ मौके पर हैं वहीं आईजी लुधियाना रेंज जसकरण सिंह अौर एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस राजिंदर सिंह ने मौके का दौरा किया है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।