पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
नाभा(राकेश कुमार). नाभा पुलिस ने मोबाइल बरामदगी मामले में पकड़े आरोपियों की निशानदेही पर पटियाला की नई जेल की बैरक के नजदीक जमीन में गड्ढा करके छिपाए गए 3 नए स्मार्ट फोन बरामद किए हैं। दो जेल वार्डन वरिंदर व तरनदीप सिंह, कैदी मुकंद खां, गैंगस्टर नीटा दयोल और उसके साथी गैंगस्टर परविंदर टाइगर का पुलिस रिमांड खत्म होने पर सभी आरोपियों को डीएसपी वरिंदरजीत सिंह थिंद की अगुवाई वाली स्पेशल जेल इंवेस्टिगेशन टीम मंगलवार बाद दोपहर जेल के अंदर पहुंची तो यह खुलासा हुआ है। बुधवार को कोर्ट ने फिर से दो दिन के रिमांड पर भेज दिया।
27 नवंबर 2016 को मैक्सिमम सिक्युरिटी जेल तोड़कर विक्की गौंडर और आतंकियों के साथ भागा नीटा इन दिनों नई जेल में बंद है। उसे 18 जनवरी 2017 को इंदौर से लुधियाना बैंक रॉबरी के आरोपी साथी के साथ उस वक्त मध्य प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जब इसके सिर पर पंजाब पुलिस 5 लाख का इनाम घोषित कर चुकी थी। नीटा और उसके साथी सुनील कालड़ा उर्फ शैल्ला को एक रहवासी अपार्टमेंट के फ्लैट से गिरफ्तार कर इनसे 8 मोबाइल, एक लैपटॉप और 92,000 रुपए बरामद किए गए थे।
6 मार्च की देर रात इसी जेल के 2018 बैच के वार्डन वरिंदर और तरुणदीप को दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। ड्यूटी के दौरान वरिंद्र कुमार दो मोबाइल लेकर जेल के अंदर पहुंचा था। उसने दोनों मोबाइल बैरक और सैल के बीचों-बीच जमीन में छिपा दिए। इसके 2 दिन बाद तरुणदीप सिंह ने योजना अनुसार दोनों मोबाइल निकाले और छिपाकर रख लिए। दोनों पर नजर रख रहे अधिकारियों ने तरुणदीप को पकड़ लिया।
रिमांड पर लेकर इनसे पूछताछ की गई तो पता चला कि इन्होंने जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर नीटा और उसके साथी गुरविंदर सिंह टाइगर तक एक मोबाइल पहुंचाया था। दोनों दो और मोबाइल की जेल में सप्लाई कर पाते, इससे पहले धरे गए। मामले में मुकुंद नाम के एक और कैदी का भी नाम सामने आया। इस खुलासे के बाद पुलिस ने प्रॉडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की और सोमवार को फिर से पांचों कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर बैरकों के पास तीन और मोबाइल फोन गड्ढे में दबाए गए मिले। इसके बाद फिर से पांचों आरोपियों कोर्ट में पेश किया गया तो वहां से दो दिन का और रिमांड मिल गया। डीएसपी वरिंदरजीत सिंह थिंद ने बताया कि इन मोबाइल के जरिए कहां-कहां कॉल की है, इसकी जांच के लिए मोबाइल एक्सपर्ट टीम को भेज दिए गए हैं। अब तक बरामद सभी पांच मोबाइल नए है और सभी स्मार्ट फोन है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.