सेवा पखवाड़े के दौरान 4863 बीमित व्यक्तियों का चेकअप
कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने अपने विशेष सेवा पखवाड़े का समापन लुधियाना शहर के विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में लगाए गए 39 शिविरों में 4863 बीमित व्यक्तियों के स्वास्थ्य जांच के साथ किया गया। पखवाड़े का आरंभ दिनांक 24 फरवरी को निगम की स्थापना की 68वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया गया था। पखवाड़े के दौरान कर्मचारी राज्य बीमा निगम के उप क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा ईएसआई की सुविधाओं को अपने बीमित व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए लुधियाना के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविर लगाए गए।
निगम के उप क्षेत्रीय कार्यालय के उप निदेशक(प्रभारी) सुनील कुमार यादव ने बताया कि पखवाड़े के दौरान लगभग सभी शिविरों में 100 से ज्यादा श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई और कुछ श्रमिकों को ब्लड प्रेशर व डायबिटीज के इलाज की आवश्यकता थी उन्हें हॉस्पिटल में निदानात्मक परीक्षण के लिए बुलाया गया। उन्होंने उन सभी नियोजकों का धन्यवाद किया जिन्होंने इस पखवाड़े के दौरान अपने परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर लगवाए और श्रमिकों को इस अवसर का लाभ उठाने का मौका दिया। पखवाड़े के दौरान बीमित व्यक्तियों के लंबित बिलों का भुगतान, नकद हितलाभ जैसे अपंगता/आश्रित तथा अन्य लंबित मामलों का जल्द निपटान आदि पर भी विशेष ध्यान दिया गया। लंबित मामलों के भुगतान हेतु निगम के सभी शाखा कार्यालय शनिवार व रविवार भी खुले रहे।