झपटमार पकड़े तो मिला चोर और नशा तस्कर का पता, महिला समेत 5 काबू
थाना डिविजन 2, 3 और जोधेवाल में हुई तीन वारदातों का मामला पुलिस ने दो स्नेचरों को गिरफ्तार कर हल कर दिया। इस संबंध में एडीसीपी गुरप्रीत सिंह, एसीपी वरयाम सिंह और तीनों थानों के एसएचओ ने प्रेस कांफ्रेंस की। फिलहाल, सभी आरोपियों से रिकवरी कर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक प्रितपाल सिंह ने शिकायत दी थी कि तीन दिन पहले गुरुद्वारा दुखनिवारण के नजदीक उनकी प|ी की दो बाइक सवारों ने बाली छीन ली थी। जिसकी बाइक का नंबर उन्होंने नोट कर लिया था। उक्त मामले में पुलिस ने जांच की और आरोपी सलेम टाबरी निवासी गुरविंदर सिंह और जालंधर निवासी हरमेल सिंह को गिरफ्तार किया। जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वो झपटमारी की कई वारदातें कर चुके है। उक्त बाइक आरोपियों को भोला काॅलोनी निवासी राजिंदर कुमार उर्फ जम्मू उर्फ सन्नी ने दिया था। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करते हुए राजिंदर के घर पर रेड की, जहां वो किराये पर रहता था। जिसे काबू कर लिया गया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि 9 मार्च को उसने डिवीजन 3 इलाके में एक मनी एक्सचेंजर की दुकान के ताले तोड़कर वहां से 1.35 लाख की नकदी, जिसमें डाॅलर भी शामिल थे चोरी किए थे।
जब सभी आरोपियों को पूछताछ के िलए बैठाया गया तो पुलिस ने देखा कि स्नैचरों के हाथ-पांव को सुइयों से गोदा हुआ था। उन्होंने बताया कि वो नशा करने के आदी है। नशा की गोलियां वो बस्ती जोधेवाल इलाके में जतिन और सुनीता नाम की महिला से लेकर आते है। उक्त गोलियों को पानी में उबाल कर इंजेक्शन में भर वो लगा लेते थे। फिर जोधेवाल पुलिस ने जतिन और सुनीता को गिरफ्तार किया। तब पता चला कि जतिन सुनीता के बेटे का दोस्त है। महिला का बेटा नशा बेचने का काम करता था और नशे की ओवरडोज से ही उसके बेटे की मौत हो गई थी। घर का खर्च चलाने के िलए सुनीता ने बेटे के दोस्तों के साथ मिलकर नशा बेचना शुरू कर दिया था।
उक्त मामलों मंें पुलिस को स्नैचरों से चार मोबाइल, एक सोने की बाली, जैंट्स पर्स और बाइक मिला। चोर राजिंदर से एक बाइक, एक बैग, डाॅलर, आधार कार्ड और पेचकस मिला। इसी तरह से जतिन और सुनीता से 970 नशीली गोलियां बरामद हुई।