चोरी मामले में गिरफ्तार बदमाश कांस्टेबल को धक्का मारकर फरार
लुधियाना| कोर्ट में पेशी पर लाए गए चोरी के मामले का आरोपी कांस्टेबल को धक्का मार भाग निकला। मुलाजिम ने भागकर पीछा करते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह अचानक गिर गया और जख्मी हो गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। डिवीजन 5 पुलिस ने गांव मुल्लांपुर के जतिंदर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई कुलवंत चंद ने बताया कि मामले का शिकायतकर्ता एएसआई कुलदीप राना थाना दाखा में तैनात है। 1 मार्च को चोरी का मामला दर्ज किया था। आरोपी जतिंदर को 6 मार्च को गिरफ्तार किया गया और अगले दिन एएसआई कुलदीप राणा, कांस्टेबल अजीत सिंह उसे कोर्ट में पेश करने आए थे। पेशी के बाद एएसआई जेल वारंट ले रहा था। आरोपी को कांस्टेबल अजीत सिंह ने पकड़ा था, लेकिन आरोपी उसे धक्का मारकर फरार हो गया।