ज्यादा दाम पर मास्क, सेनेटाइजर, दवा बेचने पर केमिस्ट की खत्म होगी सदस्यता
‘कोई केमिस्ट लिखे हुए रेट से ज्यादा कोई दवाई, मास्क या सेनेटाइजर बेचते हुए पाया गया तो या हमें रिपोर्ट हुआ तो उस केमिस्ट की मेंबरशिप रद्द करने के अलावा पंजाब स्तर पर भी उस व्यक्ति के खिलाफ एक्शन भी लिया जाएगा। लोकल ड्रग इंस्पेक्टर को भी उस केमिस्ट के खिलाफ एक्शन लेने के लिए कहा जाएगा। हमारी अॉल इंडिया कमेटी की मीटिंग में भी दवाइयों के कच्चे माल की कमी के बारे में चर्चा हुई है। सरकार को चाहिए कि डिस्ट्रीब्यूटर से पता किया जाए कि कितना माल चीन से आता है और खपत कितनी है। आने वाले समय में कितनी कमी आने वाली है, अगर समय पर कच्चा मेटिरियल नहीं आया तो आने वाले समय में कमी भी हो सकती है और दाम भी बढ़ने की संभावना है। कमी को पूरा करने के लिए सरकार को अभी से काम करना शुरू करना होगा। जिससे कि अन्य देशों से उस कच्चे माल की आपूर्ति की जा सके। ये कहना था पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान सुरिंदर दुग्गल का। पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन की पंजाब स्तर की मीटिंग लुधियाना में हुई। जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। मीटिंग में सभी जिलों के प्रधान, सेक्रेटरी और कार्यकारिणी मेंबर मौजूद रहे।
अमेंडेड ड्रग पॉलिसी 2019 के खिलाफ एक्शन लेगी एसोसिएशन
मीटिंग में अमेंडेड ड्रग पॉलिसी 2019 में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। जिसमें 18 नवंबर, 2019 को सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के साथ हुई मीटिंग में उन्होंने नई ड्रग पॉलिसी लाने के बारे में कहा था। लेकिन 4 महीने बीतने के बाद भी नई पॉलिसी नहीं आई है। जिस कारण दवा व्यापारियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अमेंडेड ड्रग पॉलिसी 2019 के मुताबिक हमें नए लाइसेंस नहीं मिल रहे, किसी की मौत होने पर लीगल वारिस को ही लाइसेंस देने का प्रावधान लाया गया है। लेकिन हम चाहते हैं कि लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति को देने की प्रोविजन होनी चाहिए। किसी कारणवश अगर लाइसेंस रिन्यू नहीं हो पा रहा तो तारिख की एक्सटेंशन मिलनी चाहिए। इन्हीं मांगों को देखते हुए हम सरकार को मेमोरेंडम भी देंगे।
सख्ती
पंजाब केमिस्ट्स एसोसिएशन ने मुश्किल के समय दाम बढ़ाने वाले केमिस्ट्स के खिलाफ सख्त एक्शन लेने का लिया निर्णय
जिसमें केमिस्ट्स को आ रही समस्याओं से अवगत करवाया जाएगा। मीटिंग में निर्णय लिया गया कि पंजाब भर में सिविल सर्जन और ड्रग इंस्पेक्टर्स को भी मेमोरेंडम दिया जाएगा। अगर समस्याओं का हल न हुआ तो एक दिन के लिए चंडीगढ़ स्थित ड्रग अॉफिस के बाहर सभी जिलों से केमिस्ट्स जुट कर धरना देंगे और ड्रग विभाग को मेमोरेंडम सौंपा जाएगा। मांगों के ना माने जाने पर राज्य की 7 मेंबरी कमेटी द्वारा निर्णय लेकर अगले महीने 3 दिन की बंद की कॉल दी जाएगी। राज्य भर ये बंद होगा। अमेंडेड पॉलिसी पर विचार न होने पर कोर्ट का रास्ता भी अपनाया जाएगा। मीटिंग में सेक्रेटरी जीएस चावला, कोषाध्यक्ष अमरदीप सिंह, सुरिंदर शर्मा, सुदर्शन कुमार, विमल कुमार, लुधियाना डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट अशोक डाबर, फाइनांस सेक्रेटरी निशांत अरोड़ा, राजीव जैन, विपन कुमार व अन्य मौजूद रहे।
ब्लैक मार्केटर्स के खिलाफ सरकार ले एक्शन हम देंगे साथ: पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी जीएस चावला ने कहा कि अगर कोई भी कैमिस्ट ब्लैकमार्केटिंग करता हुआ पाया गया तो एसोसिएशन द्वारा अपने नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकार को भी हम अपील करते हैं कि ब्लैकमार्केटर्स के खिलाफ सरकार जो भी एक्शन लेना चाहती है। हमें उसमें कोई आपत्ति नहीं है। हम पंजाब सरकार के साथ इस मुहिम में एक साथ खड़े हैं। कोरोना वायरस एक गंभीर समस्या है। हम सभी को मिल कर इसके खिलाफ लड़ना है। न कि दाम बढ़ा कर मुनाफा कमाने के बारे में सोचना चाहिए। लोगों को भी हम समझा रहे हैं कि इससे डरने की ज़रुरत नहीं है।