ज्यादा इस्तेमाल होने वाले दरवाजों, रेलिंग, स्विच को करें डिसइनफेक्टेड
नोवल कोरोना वायरस (सीओवीआईडी-19) को देखते हुए लुधियाना के लोग पंजाब सरकार और सेहत विभाग द्वारा जारी सभी निर्देशों और हिदायतों का खास ख्याल रखें। ये आदेश डिप्टी कमिशनर प्रदीप अग्रवाल ने जारी किए। उन्होंने कहा कि खुद को अपने साथ वालों को सुरक्षित रखने के लिए निर्देशों का ख्याल रखना जरुरी है। किसी भी तरह के इनफेक्शन से बचाव के लिए किसी से हाथ न मिलाएं और गले न मिलें, खुले में थूके नहीं, जिस व्यक्ति को फ्लू या बुखार है वो पब्लिक जगहों पर न जाए, जिस व्यक्ति में फ्लू जैसे लक्षण हैं उससे एक मीटर की दूरी बना कर रखें, फ्लू से पीड़ित व्यक्ति अपना मुंह ढक कर रखें, वहीं, इसकी रिपोर्ट नजदीकी हॉस्पिटल में तुरंत करें। जिस व्यक्ति ने पिछले 14 दिनों में चीन या नेपाल का दौरा किया है। उन्हें 14 दिनों के लिए अपने घर के अंदर रहना चाहिए और भीड़ वाली जगहों में नहीं जाना चाहिए। स्वस्थ व्यक्तियों को जिन्हें बुखार और गले में सूजन या खांसी की शिकायत नहीं है उन्हें मास्क पहनने की ज़रुरत नहीं है। जिला स्तर पर 0161-2444193 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इसके अलावा एपिडिमोलॉजिस्ट डॉ. दिवजोत सिंह से 9041274030 या डॉ. रमेश कुमार से 9855716180 पर संपर्क किया जा सकता है।
फिलहाल के लिए रोकी गई बायोमेट्रिक अटेंडेंस
ज्यादा इस्तेमाल होने वाले दरवाजों के हैंडल, स्विच, डेस्क टॉप, हैंड रेलिंग को करें डिसइनफेक्टेड। स्कूल प्रबंधकों को जगह-जगह हाथ धोने के लिए साबुन व पानी का प्रबंध करने के अलावा हैंड क्लीनर या सेनिटाइजर का प्रबंध भी करना होगा। डस्टबिन भी एेसे होने चाहिए जो पांव के साथ खुलें व बंद हों। डीसी प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि जमीन की रजिस्ट्री के लिए रेवेन्यू विभाग में बायोमेट्रिक अटेंडेंस जरुरी है। लेकिन उसे फिलहाल के लिए बंद कर दिया गया है। इसी तरह शिक्षा विभाग में भी स्कूल स्टाफ के लिए बायोमेट्रिक से हाजरी लगाना जरुरी नहीं है। सभी गवर्नमेंट और प्राइवेट स्कूलों को स्कूल में बड़ी सभा आयोजित नहीं करनी है। नोवल कोरोना वायरस से प्रभावित शहरों में दौरा करके आने वाले और उनके संपर्क में आने वाले लोगों पर नजर रखनी होगी और उन्हें 14 दिनों के लिए अकेले रखना चाहिए। क्लास टीचर को किसी भी बच्चे में फ्लू जैसे लक्षण नजर आते हैं तो तुरंत पेरेंट्स को संपर्क कर बच्चे की जांच करवाई जाए। प्रभावित बच्चे को स्कूल न भेजा जाए।