मिड डे मील सेल के कमरे की गिराई दीवार, आॅफिस बनाया जाएगा स्मार्ट
मिनी सचिवालय की दूसरी मंजिल पर स्थित डीईओ प्राइमरी के दफ्तर के साथ मिड डे मील सेल के कमरे की एक दीवार को गिरा दिया गया। परंतु मिड डे मील सेल में मौजूद सामान को निकाला नहीं गया। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार सुबह जब मिड डे मील के स्टाफ ने अपने दफ्तर का कमरा खोला तो देखा कि दीवार गिरी हुई थी और अंदर टेबल, कंप्यूटर, यूपीएस और अलमारियों पर मलवा गिरा पड़ा था। शुक्र की कमरे में पड़ा इलेक्ट्रॉनिक सामान टूटा नहीं। मिड डे मील के स्टाफ के मुताबिक उन्हें मालूम नहीं कि दीवार कब और किसने गिराई।
वहीं, डिप्टी डीईओ कुलदीप सिंह ने बताया कि स्कूलों की तरह सरकारी दफ्तरों को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। इस बारे में एजुकेशन सेक्रेटरी कृ़ष्ण कुमार ने कहा था कि जिस तरह विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से स्कूलों को स्मार्ट बनाया जा रहा है उसी तरह सरकारी दफ्तरों को भी स्मार्ट बनाया जाए। इसी के तहत ही मिड डे मील सेल के कमरे की दीवार को तोड़ा गया था। इस संबंधी उन्हें पहले से पता था। इस रूम में 50 इंच की एलईडी लगाई जाएगी। इसमें जिले के प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की उपलब्धियों को बताया जाएगा।
कुलदीप सिंह ने बताया कि डीईओ प्राइमरी के आॅफिस की दीवार को भी गिराया गया है। जहां अभी काम चल रहा है और उसे स्मार्ट बनाया जा रहा है। इसी तरह मिड डे मील और अमला शाखा के कमरे को भी स्मार्ट बनाया जाएगा। नया फर्नीचर भी रखा जाएगा।