नशे की लत ने बनाया चोर, चुराने लगे वाहन 14 बाइक, एक्टिवा समेत 2 दोस्त गिरफ्तार
नशे की लत लगने पर काम छोड़कर वाहन चोरी करने वाले दो दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनसे 14 मोटरसाइकिल, एक्टिवा और 30 ग्राम हेरोइन बरामद की है। डिवीजन 2 पुलिस ने जालंधर बाईपास के सुखराज सिंह, उर्फ सोनू, माउवाला के हरजीत सिंह उर्फ राजा और हरजीत सिंह उर्फ जीती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी हरजीत उर्फ जीती को अदालत में पेश करके एक दिन और हरजीत राजा और सुखराज को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। एसीपी वरयाम सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर सतपाल संधू को सूचना मिली थी कि आरोपी सुखराज और हरजीत सिंह उर्फ राजा वाहन चोरी करते हैं। इसके बाद उन्हीं वाहनों को आगे बेचकर नशा करते हंै। सूचना के आधार पर पुलिस ने सिविल अस्पताल की बैक साइड नाकाबंदी की। इसी दौरान आरोपियों को शक के आधार पर चेकिंग के लिए रोका गया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें मोटरसाइकिल के दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश न कर सके। सख्ती से पूछने पर आरोपियों ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की है। इसे वह बेचने जा रहे थे। इसके चलते पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनसे और मोटरसाइकिलें और एक्टिवा बरामद की गई। इसके बाद उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी जीती को गिरफ्तार कर 30 ग्राम हेरोइन बरामद की।
तस्कर के पास गिरवी रखते थे वाहन या उसे बेचकर खरीद लेते थे नशा
चोर चाबी से चुराते थे वाहन: एएसआई राजवंत सिंह ने बताया कि आरोपियों ने वाहन चोरी करने के लिए चाबियां रखी हुई थी। वह कंपनी के हिसाब से चाबी लगाकर लॉक खोकर वाहन चुरा लेते थे। आरोपियों ने बताया कि वह चोरी की मोटरसाइकिल व एक्टिवा को फाइनेंसर के पास 7-8 हजार रुपए में गिरवी रख देते थे। अगर फाइनेंसर न रखता तो उसे बेचकर या तस्कर के पास ही गिरवी रखकर नशा ले लेते थे। जबकि उन्होंने तीसरे आरोपी हरजीत उर्फ जीती के पास भी कई वाहन गिरवी रखे हुए थे। जांच अफसर अनुसार आरोपी जीती खुद भी नशा करने का आदी है और पिछले एक साल से तस्करी कर रहा है। वह सस्ते भाव पर नशा लाकर आसपास के इलाकों में बेचता था। पुलिस उनके साथियों की तलाश कर रही है।