फर्जी निकला हमला : शिवसेना नेता ने गनमैन के लिए गढ़ी थी कहानी, केस अपडेट लेने सीपी आॅफिस पहुंचा, हुआ गिरफ्तार
कोहाड़ा रोड स्थित एवन फैक्टरी के नजदीक 6 दिन पहले शिवसेना हिंदुस्तान के लेबर सेल के राष्ट्रीय चेयरमेन पर हमले का मामला आखिरकार झूठा निकला। जोकि आरोपी नरिंदर भारद्वाज ने खुद गनमैन लेने के लिए तैयार किया था। पुलिस ने उसके द्वारा अज्ञात पर दर्ज करवाई एफआईआर को रद्द कर उस पर ही पुलिस को गुमराह करने का पर्चा दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल, डीसीपी सिमरतपाल सिंह ढींडसा ने इस संबंध में प्रेस काॅन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि 6 मार्च को आरोपी ने पुलिस को शिकायत की थी कि वो कोहाड़ा रोड पर अपने फैक्टरी से घर लौट रहा था, जहां रास्ते में एक बाइक पर दो युवक (जिसमें से एक पगड़ीधारी और दूसरा मोना था) ने उसे घेर लिया और उसकी गाड़ी पर हमला कर शीशा तोड़ दिया। तब पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश का पर्चा दर्ज कर दिया था। लेकिन जब बाद में केस को इंवेस्टिगेट किया गया तो पता चला कि आरोपी ने सिर्फ गनमैन लेने के िलए ये ड्रामा रचा था। जबकि उसकी गाड़ी का शीशा एक ट्राली वाले से टक्कर होने के बाद टूटा था। जिसके बाद उसने सोचा कि क्यों न कहानी बनाकर गनमैन ले लिये जाएं। इसी सोच को लेकर उसने सारा ड्रामा क्रिएट किया।
पहले भी हो चुके हैं फेक मामले दर्ज
शिवसेना नेता द्वारा पुलिस को गुमराह करने का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई शिवासेना नेता इसी तरह गनमैन की चाह में खुद पर हमले के झूठे मामलों की शिकायत कर चुके हैं। जोकि इंवेस्टिगेशन के बाद फेक निकले, फिर पुलिस ने उन्हीं पर पर्चे दर्ज कर दिए।
एेसे पकड़ा
आरोपी ने पुलिस को बताया कि आठ बजे वो फैक्टरी से निकला और रास्ते में उस पर हमला हुआ। इंवेस्टिगेशन करते हुए पुलिस ने जब उसकी मोबाइल लोकेशन निकाली तो जो समय उसने हमले का बताया, उस समय की लोकेशन उसके घर की थी। फिर पुलिस ने उसके घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चैक किया, जिसमें वो हमले के समय घर पर ही मिला। आरोपी को ये सब नहीं पता था कि पुलिस की इंवेस्टिगेशन कहां पर पहुंच गई। सूत्र बताते हैं कि अपने पर हुए झूठे हमले की बात को लेकर वो सीपी आॅफिस पहुंच गया और कहा कि उसके मामले की कोई सुनवाई नहीं हो रही। जब अधिकारियों को पता चला कि इंवेस्टिगेशन उसके खिलाफ है तो उन्होंने तभी उसकी अरेस्ट डलवा दी। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। उन्होंने कहा कि आरोपी को उसके घर के पास ही गिरफ्तार किया है।
फैक्टरी से निकलते ही रास्ते में हमले की बात की थी, वारदात के समय मोबाइल लोकेशन घर की निकली