किश्तों पर ली गाड़ी नाम कराने को लेकर फायरिंग, छुड़ाने गए बिंदरी बाबा को लगी गोली
चंडीगढ़ रोड स्थित एलआईजी फ्लैट के नजदीक सोमवार की शाम किश्तों पर ली गाड़ी को नाम करवाने को लेकर दो दोस्तों में बहस हो गई और एक ने पिस्तौल निकाल फायरिंग कर दी। जिसमें बचाव के लिए आया बिंदरी बाबा जख्मी हो गया। दोस्तों ने गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में पहुंचाया। उधर, सूचना मिलते ही एसीपी दविंदर चौधरी, डिवीजन 7 की पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल पुलिस ने सन्नी के बयानों पर आरोपी बनी, मनी, शालू और बाकी के अज्ञात के खिलाफ पर्चा हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत पर्चा दर्ज कर दिया गया। सन्नी ने बताया कि वो फाइनांस का काम करता है। उसने 2016 में एक बोलेरो गाड़ी किश्तों पर ली थी। लेकिन किसी कारणवश उसकी तीन किश्तें नहीं दे पाया। इस दौरान बनी जोकि सन्नी का दोस्त है, ने कहा कि वो गाड़ी उसे दे दे और वो सारी किश्तें एक साथ ही भर देगा।
सोमवार को सन्नी अपने दोस्त बिंदरी बाबा और बनी अपने दोस्तों के साथ सुबह एलआईजी फ्लैट के पास इकट्ठा हुए, जहां उन्होंने एक अस्टाम पेपर बनाने के लिए दिया और साइन करने का समय शाम चार बजे रखा। शाम को वो दोबारा इकट्ठा हुए, लेकिन इस दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर बहस हो गई और बनी गालियां निकालने लगा। सन्नी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। बिंदरी सन्नी को बचाने के लिए गया तो इतने में दूसरे पक्ष ने पिस्तौल निकाल लिया और एक गोली चला दी। पहली गोली बिंदरी के पेट में लगी, तभी दूसरा फायर कर दिया जोकि उसकी टांग में लगी। इसके बारे आरोपी फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए और सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, बिंदरी को सीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां आईसीयू में उसका आॅपरेशन चल रहा है।
दोनों तरफ से फायरिंग
लोगों ने बताया कि दोनों तरफ से फायरिंग हुई थी। एक पक्ष ने गोली चलाने के लिए पिस्तौल निकाला था, लेकिन जाम होने की वजह से वो चली ही नहीं। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। पुलिस का कहना है कि गोली एक तरफ से चली है, बाकी जांच की जा रही है।
बनी पर दर्ज है पर्चा
पुलिस के मुताबिक बनी का पहला भी क्रिमिनल रिकार्ड रहा है। उसके खिलाफ नशा तस्करी का पर्चा दर्ज है।