पूर्व कांग्रेसी पार्षद ने पार्क पर कब्जे की कोशिश की
वॉर्ड 30 में पूर्व कांग्रेसी पार्षद की ओर से सरकारी जमीन की तरफ गेट निकालने के मामले की शिकायत सीएम दरबार पहुंच गई है। इसके बावजूद निगम ने गेट बंद कराने की बजाय पूर्व पार्षद को सहयोग देने पर जोर दे रखा है। ये आरोप अकाली दल कोर कमेटी के मेंबर गुरबीर सिंह गरचा ने लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि साल 2015 में भी पूर्व कांग्रेसी पार्षद ने ढंडारी कलां में सरकारी पार्क की जमीन की तरफ गेट निकालकर कब्जे की कोशिश की थी, लेकिन जब शिकायत निगम से की तो पूर्व पार्षद ने गलती स्वीकार कर कब्जा हटा लिया था। इसके बाद पूर्व पार्षद ने कांग्रेस सरकार के सत्ता होने का फायदा उठाकर सरकारी जमीन की तरफ गेट निकालकर गाड़ियां तक खड़ी कर ली।
गुरबीर गरचा ने आरोप लगाए कि फिर से कब्जा होने की शिकायत निगम कमिश्नर को भेजी थी और गेट बंद करवाने के आदेश भी जारी हो चुके हैं। मगर निगम अफसर वहां पर कार्रवाई की बजाय बहानेबाजी में लगे हैं।