पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Ludhiana
  • Khanna News Gunji Bhaskar39s News In Council Meeting Sharp Debate In Councilors Eo On The Issue Of Buildings Being Built Without A Map

कौंसिल की बैठक में गूंजी भास्कर की खबर, बिना नक्शे के बन रही बिल्डिंगों के मुद्दे पर पार्षदों, ईअो में हुई तीखी बहस

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

खन्ना नगर कौंसिल के पांच साल पूरा होने के चार दिन पहले हुई अंतिम बैठक बेहद हंगामे वाले रही। दैनिक भास्कर में एक दिन पहले बिना नक्शों के बिल्डिंगों के निर्माण को लेकर लगी खबर बैठक में छाई रही। बैठक में शिअद के पार्षद राजिंदर सिंह जीत ने कौंसिल ईओ पर व्यक्तिगत आरोप लगाते हुए कहा कि कौंसिल में नक्शा पास करने के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है। मौजूदा समय में शहर में बडी सं या में व्यापारिक इमारते बिना नक्शे के ही बन रही हैं। नगर कौंसिल ने आधे से ज्यादा शहर के लोगों को कचहरी के धक्के खाने के लिए विवश कर दिया है। जिसपर ईओ ओर पार्षद जीत में जमकर बहस हुई। जीत ने सीधे तौर पर एक नक्शा नवीश का नाम लेते कहा कि उसके द्वारा बनाए नक्शे ही पास हो रहे हैं। इतने में ईअो रणबीर सिंह ने पार्षद राजिंदर सिंह जीत पर सीधा हमला बोलते कहा कि वे पहले अपनी इमारतों के नक्शे देखें। ईओ ने कहा कि उनके द्वारा बिना नक्शा इमारतें बनाई जा रही हैं जिसपर पार्षद जीत भी अपना आपा खो बैठे ओर दोनों में जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। इस दौरान सीनियर पार्षद विजय शर्मा ने भी सवाल खडे करते हुए कहा कि नगर कौंसिल का समय शाम 5 बजे तक का है लेकिन कौंसिल आफिस देर रात तक खुला रहता है। बैठक में हंगामे के बीच वर्ष 2020-21 के लिए 55.04 करोड़ का बजट पारित कर दिया गया। इस मौके पर महिला पार्षद कविता गुप्ता, रूबी भाटीया, पार्षद तलविंदर रोशा, पार्षद जसदीप कौर यादू, सुधीर सोनू, पार्षद गुरमिंदर सिंह लाली, पार्षद गुरमीत नागपाल, पार्षद रविंदर सिंह बब्बू, पार्षद जसवीर कालीराव, पार्षद वेद प्रकाश, पार्षद जतिंदर देवगन, पार्षद संजीव धमीजा, पार्षद श्याम लाल महलोत्रा, सुनील कुमार नीटा, विक्की मशाल के अलावा अन्य मौजूद थे।

महाराजा जस्सा सिंह रामगढ़िया नाम से जाना जाएगा बस स्टैंड

इससे पहले बैठक का शुभारंभ करते हुए विधायक गुरकीरत सिंह कोटली ने पिछले पांच सालों में किए गए कार्यो को लेकर सभी पार्षदों का आभार जताया। विधायक कोटली ने हाऊस से खन्ना बस स्टैंड का नाम महाराजा जस्सा सिंह रामगढिय़ा के नाम पर करने की अपील की। कोटली ने महिला पार्षदों की हौंसलाअफजाई की। कोटली ने कहा कि सरकार ने खन्ना हलके के विकास के लिए 25 करोड़ जारी किए हैं, जिसमें से 10 करोड़ रूपये वह हलका खनना के गांवों के लिए ओर 15 करोड़ रूपये खन्ना के विकास के लिए खर्च करने जा रहे हैं। इस दौरान कौंसिल प्रधान विकास मेहता ने कहा कि पांच साल में बिना भेदभाव से शहर का विकास किया गया है। उन्होंने सभी पार्षदों का पांच साल साथ देने के लिए आभार भी जताया।

दूसरी बैठक में एेतराज के बावजूद 55.04 करोड़ का बजट पारित

बजट बैठक शुरू होते ही कौंसिल द्वारा जैसे ही 2020- 21 के लिए 55.04 करोड़ के बजट का प्रस्ताव रखा गया तो पूर्व प्रधान इकबाल सिंह चन्नी ने इस पर एतराज जताया। चन्नी बोले मौजूदा नगर कौंसिल की ओर से 2019- 20 के लिए 50.5 करोड़ का बजट रखा गया था लेकिन फरवरी 2020 तक उसमें से मात्र 2487.57 लाख रूपये जुटाए गए। मार्च 2020 में 716.49 लाख रूपये एकत्रित होने की बात कही जा रही है अगर ऐसा होता है तो 2019-20 के पेश किए गए बजट का मात्र 60 फीसदी ही बनता है। ऐसे में किस प्रकार 2020- 21 के बजट को किस प्रकार से 55.04 करोड़ का रखा जा सकता है। बजट पर पूर्व कौंसिल प्रधान चन्नी और ईओ रणबीर सिंह के बीच जमकर बहस हुई। कौंसिल प्रधान विकास मेहता ने कहा कि चन्नी को टोकते हुए कहा कि नगर कौंसिल को जब से जीएसटी लागू हुआ है, तब से लेकर आज तक उनके बनते हिस्से में से 14 करोड रूपय केंद्र से कम मिले हैं। अगर वह 14 करोड़ मिल जाते तो उसे भी शहर पर ही लगाया जाना था। वहीं, नगर कौंसिल की पहली बैठक में आठ प्रस्ताव रखे गए थे जिनमें से एक को छोड़कर सात को पास कर दिया गया। बैठक में विचारधीन 7 नंबर प्रस्ताव बिल्डिंग फीस रिफंड करने की आई दर्खास्त को कंफर्म करने को रोक दिया गया। इसमें ड्रीम सिटी अंबुजा कालोनी में अस्पताल बनाने को लेकर नगर कौंसिल के पास जमा करवाई रकम 5,54,786 को वापिस लेने की बात थी। पूर्व नगर कौंसिल प्रधान इकबाल सिंह चन्नी ने एतराज जताते हुए कहा कि नगर कौंसिल अधिकारियों को कोई भी रकम रिफंड करने का कोई अधिकार नहीं है।
खबरें और भी हैं...