इधर, दो घरों में छत से आए चोर ले गए कैश-मोबाइल
एक ने मां के इलाज के लिए रखे थे 50 हजार, दूसरे का मोबाइल गायब
लुधियाना| डाबा के न्यू सुंदर नगर इलाके में चोरों ने दो घरों में छत के रास्ते दाखिल होकर हजारों रुपए और मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया। मालिकों को जब पता चला तो इसकी सूचना पुलिस को दी। डाबा पुलिस ने फिलहाल शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में मंजीत सिंह ने बताया कि वो एक प्राइवेट कंपनी में ड्राइवर है और अकसर उस सिलसिले में बाहर रहता है। घर पर मां और भाई है। रविवार रात वो घर पर सो रहे थे तो सुबह उठकर देखा कि सामान बिखरा था। घर में रखे 50 हजार की नकदी और दो मोबाइल फोन गायब थे। मंजीत के मुताबिक वो पैसे अपनी मां के इलाज के लिए कंपनी से उधार लेकर आया था, जोकि चोर उठाकर ले गया।
दूसरे मामले में सूरज ने बताया कि वो मंजीत के घर से आगे गली में रहता है और होजरी में काम करता है। वो अपने कमरे मे सोया था। सुबह जब उठा तो उसका मोबाइल नहीं था, जोकि उसने कुछ दिन पहले ही लिया था। फिलहाल दोनों मामलों में स्प्रे करके बेहोश करने का मामला लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।