पासपोर्ट वेरिफिकेशन के 100 रुपए से ज्यादा मांगें तो 2402015 पर करें कंप्लेंट
पासपोर्ट वेरिफिकेशन के नाम पर 500 से एक हजार रुपए वसूलने वाले मुलाजिमों की अब खैर नहीं। क्योंकि लुधियाना पुलिस इस गड़बड़ी पर रोक लगाने और लोगों को जागरूक करने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में होर्डिंग्स लगा रहे हैं।
जिस पर हेल्प लाइन लिखकर लोगों से शिकायत करने की अपील की जा रही है। जानकारी के मुताबिक रोज 500 के करीब पासपोर्ट बनाए जाते हैं। लेकिन उनकी वेरीफिकेशन के लिए लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है, क्योंकि वेरीफिकेशन के िलए आने वाले मुलाजिम 100 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस की बजाए 500 और इससे ज्यादा ले लेते हैं। इसके संबंध में कुछ लोगों ने अधिकारियों को शिकायत की थी।
पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वो शहर में फ्लैक्स और बोर्ड लगाएं, ताकि लोगों को विजिबल हो सके िक रजिस्ट्रेशन फीस है कितनी? उक्त बोर्ड पर लिखा गया है कि पासपोर्ट वेरीफिकेशन की फीस 100 रुपए है, अगर कोई मुलाजिम ज्यादा पैसे मांगता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वो हेल्पलाइन नंबर 0161-2402015 पर शिकायत करें।
काम की खबर पुलिस ने लगवाए होर्डिंग्स, लोगों को कर रहे अवेयर
थानों में करें अवेयर : एडीसीपी
पुलिस ने पासपोर्ट आॅफिस के बाहर बोर्ड लगवाए हैं, साथ ही थानों में लोगों को अवेयर करने के िलए निर्देश दिए हैं। ज्यादा पैसे मांगने वाले के खिलाफ लोग थाने में नहीं हेल्पलाइन नंबर पर फोन करेंगे तो तुरंत एक्शन के बाद पुलिस उन्हें मैसेज के जरिए रिपोर्ट भी देगी कि उन्होंने क्या कार्रवाई की है। -दीपक पारिक, एडीसीपी