पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर जयपाल ने फिरोजपुर में की थी लूट की प्लानिंग, बचने को करते थे वॉकी-टॉकी यूज

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गिल रोड पर 30 किलो सोने की लूट के मामले में आर्गेनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट(ओक्कू) और लुधियाना पुलिस के कंबाइंड ऑपरेशन के बाद एक गैंगस्टर गगनदीप सिंह उर्फ जज को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया। उसने उक्त कांड में गैंगस्टर जयपाल भुल्लर का नाम सरगना के रूप में बताया है। इसके बाद पूरे पंजाब में हड़कंप मच गया है, क्योंकि पिछले चार सालों से पुलिस के लिए मोस्ट वॉन्टेड भुल्लर का नाम एक बार फिर सामने आया है। जोकि गैंगस्टर विक्की गौंडर और प्रेमा लाहोरिया के एनकाउंटर के बाद शेरा खुब्बण और गौंडर गैंग का सरपरस्त है। सूत्रों के मुताबिक 17 फरवरी को गिल रोड पर आईआईएफएल गोल्ड लोन कंपनी में 30 किलो सोने की लूट के मामले में गैंगस्टर जयपाल भुल्लर द्वारा फिरोजपुर अपने घर में डकैती की योजना बनाई। जिसमें उसने फिरोजपुर के ही गगनदीप सिंह उर्फ जज और बाकी के पांच गैंगस्टर को भी शामिल किया। जिन्होंने लुधियाना के लोकल लिंक की सूचना पर ही सारी वारदात को अं‌जाम दिया। उक्त लिंक राहों रोड का है। जहां वारदात के बाद भी दो दिन गैंगस्टर जयपाल भुल्लर रहा है। लुधियाना पुलिस को जांच दौरान क्लू फिरोजपुर का मिला तो 7 मार्च को रेड कर तीन दर्जन संदिग्धों को उठाया। लेकिन तब भुल्लर के दो करीबी वहां से भाग गए। पुलिस ने जिन युवकों को उठाया, उन्होंने उक्त मामले में भुल्लर और गगन का नाम लिया। जोकि ज्यादातर चंडीगढ़ में ही रहता है। वीरवार को गगन पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सूत्र बताते हैं कि अब पुलिस लुधियाना के एक गैंगस्टर की तलाश कर रही है, जिसका नाम ज अक्षर से है। गौर हो कि भास्कर ने पहले ही बता दिया था घुमारमंडी कांड को भी इन्हीं लुटेरों ने अंजाम दिया था और वीरवार को पुलिस ने उस पर मोहर लगा दी।

जयपाल के गैंग में लुधियाना का बिल्ला ख्वाजके भी

फिरोजपुर का रहने वाला और पुलिस मुलाजिम का बेटा जयपाल भुल्लर हैमर थ्रो का स्टेट लेवल चैंपियन रहा है। अपराध की दुनिया में कदम उसने 2005 में रखा था। इसके बाद गौंडर व प्रेमा के तमाम साथियों ने जयपाल भुल्लर को अपना बॉस मानते हुए रिपोर्ट देनी शुरू कर दी थी। सूत्र बताते हैं कि इन दिनों उसके जयपाल गैंग में फरीदकोट निवासी तीर्थ सिंह ढिलवां, लुधियाना निवासी बिल्ला ख्वाजके, उत्तरप्रदेश का कुख्यात शूटर असलम हैं।


लुधियाना में कर चुका बड़ी वारदातें

जयपाल का नाम लुधियाना में काफी देर बाद सुनने को मिला है। जयपाल पर 50 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। लुधियाना में एक हत्या, व्यवसायी पंकज के घर में 60 लाख की लूट, लुधियाना का चिराग किडनैपिंग केस और टेलीकाॅम कंपनी के शोरूम में डकैती का मामला शामिल है। इसके अलावा आरोपी पर राजस्थान के किशनगढ़ में 2 करोड़ के तांबे से लदा ट्रक लूटने, फिरोजपुर के सेखों करमीती समेत दोहरे हत्याकांड और तरनतारन में भी एक हत्या का मामला शामिल है।

लूट में हाई रेंज वाले 9 वॉकी-टॉकी किए इस्तेमाल


सूत्रों के अनुसार इंवेस्टिगेशन में गगन ने बताया कि वो जयपाल के लिए पिछले काफी समय से काम कर रहा है। कई वारदातों में पकड़े जा चुके भुल्लर ने अपनी वारदातों के तरीके में हाईटेक तरीका अपनाया। 2018 के बाद उसने मोबाइल का इस्तेमाल बंद कर दिया था। वारदात के अलावा वो अपने बाकी के कामों में वाॅकी-टाॅकी का ही इस्तेमाल करने लगा था। क्योंकि ज्यादातर वो और उसके गुर्गे मोबाइल लोकेशन के वजह से पकड़े जा चुके थे। लुधियाना कांड के समय उसके पास 9 वाॅकी-टाॅकी थे, जिसकी रेंज काफी ज्यादा है और उनका साइज काफी काॅम्पेक्ट है। फिलहाल ये भी पता चला है कि घुमारमंडी लूट भी जयपाल ने ही की थी, लेकिन पुलिस अभी इसकी पड़ताल कर रही है।

घुमारमंडी सोना लूट कांड, बच्चे की किडनैपिंग में भी शामिल रहा है जयपाल


30 किलो सोना लूट कांड

वारदात के 25 दिन बाद बड़ा खुलासा, फिरोजपुर से 7 मार्च को उठाए संदिग्धों ने दिया लिंक, चंडीगढ़ से गैंगस्टर गगनदीप गिरफ्तार

}आईएसआई के लिंक में रहा भुल्लर : गैंगस्टर विक्की गौंडर व प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद गैंगस्टर जयपाल भुल्लर ने अपना ठिकाना बदल लिया है। हिमाचल छोड़कर वह उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर, शामली में चला गया। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के कुछ लोग जयपाल व गौंडर से लगातार संपर्क में थे। आईएसआई ही जयपाल व गौंडर गैंग की सहायता करती रही है। जिसकी बदौलत जयपाल व गौंडर लगातार पुलिस को चुनौती देते रहे।

08 मार्च **

सोना लूट में जयपाल शामिल था, उसके साथ कई और गैंगस्टर भी हैं। जिसमें से गगन को पकड़ा है। पूछताछ में वो कई राज खोलेगा। हम लुधियाना लिंक ढूंढ रहे हैं। जल्द जपाल भी गिरफ्त में होगा। -कुंवर विजय प्रताप सिंह, आईजी, ओक्कू

हमारी टीम ओक्कू के साथ चंडीगढ़ में काम कर रही है और सारे लिंक खंगाले जा रहे हैं। लुधियाना में उसके ठहरने का अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन टीमें जांच में लगी हैं। -राकेश अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर
खबरें और भी हैं...