पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
लुधियाना. लुधियान में बुधवार देर रात सड़क हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई। युवक की बुधवार दिन में ही शादी हुई थी और रात में वह जीजा और अन्य लोगों के साथ कार से घूमने निकला था। जालंधर बाईपास से सर्विस लेन पर कार आगे चल रहे कैंटर वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार 5 लोग भी गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतकों की पहचान लुधियाना जिले के गांव भट्टियां निवासी राहुल और हिमाचल के मंडी निवासी उसके जीजा राजू के रूप में हुई। राहुल की बुधवार को ही शादी हुई थी। दुल्हन को घर छोड़ने के बाद दूल्हा और उसके रिश्तेदार मौज-मस्ती करने लुधियाना पहुंच गए। पार्टी करके कार में ये सातों लोग गांव भट्टियां लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी ने शराब पी रखी थी और कार की रफ्तार भी तेज थी। जस्सियां चौक के पास कार कैंटर के नीचे जा घुसी। कैंटर के नीचे फंसी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाल गया। घायलों में राहुल का भाई आशु, ताऊ का बेटा अजय, जैन कॉलोनी शेरपुर निवासी दोस्त नवीन, अनीश और चिंटू शामिल हैं। अनीश को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जम्मू जा रहा था कैंटर
जम्मू के रहने वाले कैंटर चालक शमशेर कोहली ने बताया कि वह गांव सराभा से अंडे लोड करके जम्मू के लिए रवाना हुआ था। जालंधर बाईपास से सर्विस लेन पर जा रहा था। अचानक गाड़ी को जोरदार झटका लगा तो उसने तुरंत ब्रेक लगाई और उतरकर पीछे गया तो देखा कि कार बुरी तरह से फंसी हुई थी। इसके बाद उसने पुलिस को फोन करके इस घटना की जानकारी दी।
नवविवाहिता बोली- एक बार राहुल का चेहरा तो दिखा दो
घटना में मारे गए राहुल की पत्नी मधु को जब उसकी मौत का पता चला तो वह बेसुध हो गई। बुधवार शाम ही डोली में सवार होकर अपने ससुराल पहुंची मधु पति से मिलने की कल्पना में ही थी कि उसे उसकी मौत का समाचार मिल गया। देर रात रिश्तेदार उसे अपने साथ सिविल अस्पताल ले आए। अस्पताल में वह रोते हुए सिर्फ एक ही बात कह रही थी, 'मुझे केवल एक बार राहुल का चेहरा देखना है'।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.