अब होटल प्रबंधकों को करनी होगी कस्टमर्स की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, पुलिस तैयार कर रही एप
शहर के कई होटल प्रबंधक पैसे कमाने के चक्कर में बिना आईडी प्रूफ और गलत लोगों को कमरे किराए पर दे रहे हैं। इसका फायदा उठाकर अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से होटलों में छिप जाते हैं। इसके मद्देनजर लुधियाना पुलिस सख्ती करने जा रही है। इसके तहत नई एप तैयार की जा रही है। अब शहर के होटलों में कमरा लेने के लिए प्रबंधक एप में कस्टमर की रजिस्ट्रेशन करेंगे। इसके बाद कस्टमर की जानकारी पुलिस को सीधे तौर पर पहुंच जाएगी। मुलाजिम और अफसर इसे किसी भी समय चेक कर पाएंगे। पुलिस एक महीने में एप को तैयार कर होटल प्रबंधकों को देगी। इसके बाद अगर कोई होटल प्रबंधक मैनुअल ढंग से कस्टमर के आईडी प्रूफ लेकर रूम देगा तो उस पर कानूनी कार्रवाई होगी। एप लॉन्च करने से पहले इसका ट्रायल भी किया जाएगा। ट्रायल पास होने के बाद इसे गूगल प्ले स्टोर पर डाला जाएगा। फिलहाल इसका एंड्रॉयड वर्जन तैयार किया जा रहा है।
पहले होगा ट्रायल, सफल रहने पर होटल प्रबंधकों को मिलेंगे लॉगइन
पुलिस एप के लिए अलग कंट्रोल रूम बनाएगी और मुलाजिम भी लगाए जाएंगे। इसमें होटलों की तरफ से रजिस्टर्ड कस्टमर को चेक किया जा सकेगा। किस होटल में कैसे लोग आ रहे हैं, इस पर भी नजर रखी जाएगी। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति शकी पाया गया तो पुलिस उसी समय एक्शन लेगी। इसके लिए तीन से पांच मुलाजिम तैनात रहेंगे।
कुछ शरारती और अपराधी लोग गलत तरीके से होटलों में रूम लेकर ठहरते हैं। कई बार होटलों के कमरों में क्राइम होने के मामले सामने आ चुके हैं। इसके चलते अब एप तैयार की जा रही है। इसे जल्द लॉन्च कर दिया जाएगा। इसमें रजिस्ट्रेशन किए जाने वाले सभी लोगों की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी। इसे किसी से शेयर नहीं किया जाएगा। -राकेश अग्रवाल, सीपी
रिकॉर्ड चेक करना होगा आसान: पुलिस मुलाजिमों के लिए सभी होटलों में जाकर उनका रिकॉर्ड चेक करना जरूरी होता है। हर होटल से जुड़ी थाने की यह जिम्मेदारी रहती है, लेकिन थाना पुलिस की ओर से लंबे समय तक इसकी चेकिंग नहीं की जाती। इसके चलते अब उन्हें चेक करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि ऑनलाइन ही सभी कस्टमर्स की डिटेल पुलिस तक पहुंच जाएगी। इसके बाद वह किसी को भी चेक कर सकेंगे। इससे अपराध पर भी अंकुश लग सकेगा।