चेकअप न कराने वालों को अब मनाएगी पुलिस
कोरोना वायरस से प्रभावित देशों का दौरा कर लौटे लोगों ने अगर सेहत महकमे का साथ नहीं दिया तो महकमे की ओर से पुलिस से मदद ली जाएगी। ये आदेश कोरोना वायरस की समस्या से निपटने के लिए जिला स्तर पर हो रही तैयारियों के बारे में जानकारी लेने के लिए हुई मीटिंग के दौरान डिप्टी कमिशनर प्रदीप कुमार ने दिए। डीसी ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना के लिए एडीसीपी (अॉपरेशन और सिक्योरिटी) जगजीत सिंह और खन्ना के लिए डीएसपी(हेडक्वार्टर) शमशेर सिंह को नोडल अफसर नियुक्त किया है। डीसी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सेहत विभाग के साथ सहयोग करने से इंकार या इलाज या चेकअप के लिए मना करता है तो सेहत विभाग इन पुलिस अधिकारियों के साथ संपर्क कर सकते हैं।
खाली बिल्डिंग खोजें, जहां बन सकें आइसोलेशन वॉर्ड
डीसी ने सभी एसडीएम और निगम के अधिकारियों को जिले में खाली पड़ी बिल्डिंगों की पहचान करने के लिए कहा है। जहां पर किसी भी तरह की समस्या से निपटने के लिए आइसोलेशन वॉर्ड तैयार किए जा सकें। जिले में मॉक ड्रिल भी आयोजित करने के आदेश जारी किए गए।
गडवासू का पशुपालन मेला भी स्थगित
एडीसीपी और खन्ना के डीएसपी को नोडल अफसर बनाया
कोरोना वायरस के खौफ के चलते गडवासू में 20-21 मार्च को होने वाले पशु पालन मेले को स्थगित करने का फैसला लिया गया है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से एहतियाती कदम उठाने के निर्देशों के बाद यह ऐलान किया गया है। वाइस चांसलर डॉ. अमरजीत नंदा की अध्यक्षता में हुई मीटिंग मेंें ये फैसला लिया गया।