कुछ स्कूल टीचर पेपर चेककर जमा कराने पहुंचे, दूसरों ने किया हंगामा
5वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू, 49,617 स्टूडेंट्स ने दिया एग्जाम
क्लस्टर में ही पेपर चेक करने का प्रावधान
मुझे इस बारे में नहीं पता कि बस्ती जोधेवाल क्लस्टर में क्या परेशानी आई है। जो पेपर जमा करवाए गए हैं, उनकी दोबारा चेकिंग होगी। इसके बाद अंक अपलोड किए जाएंगे। इस मामले को अपने स्तर पर चेक करवाएंगे।
-रजिंदर कौर, डीईओ, प्राइमरी
कुछ टीचर्स स्कूल से ही पेपर चेक कर क्लस्टर में जमा करवाने लाए थे। ये पेपर दोबारा चेक करवाए जाएंगे। देरी से आने वाले सभी स्कूलों के एक ग्रुप बनाकर मैसेज भेज दिया गया है। पेपर खत्म होने के एक घंटे में पेपर क्लस्टर में जमा करवाना जरूरी है।
-करनैल सिंह, क्लस्टर हेड
कुछ टीचर पेपर स्कूल से ही चेक करके ला रहे हैं। जबकि यहीं पर चेक करके मार्किंग करनी होती है। कुछ स्कूलों ने मनमर्जी कर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। -रुपलाल ठाकुर, हेड, ठाकुर पब्लिक स्कूल
लुधियाना| पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की 5वीं की परीक्षाएं शनिवार को शुरू हुईं। पहला पेपर पहली भाषा पंजाबी और हिंदी का लिया गया। पेपर आसान रहा। स्टूडेंट्स के लिए अलग से प्रश्न-पत्र न देकर उत्तर पुस्तिका के बीच में ही क्वेश्चन पेपर जोड़ा गया। 5वीं के लिए स्कूलों में सेल्फ सेंटर बनाए गए। परीक्षा के बाद टीचर स्कूल से ही पेपर चेक कर क्लस्टर में जमा करवाने पहुंचे। इसके बाद क्लस्टर पर मौजूद टीचर्स ने हंगामा कर विरोध जताया। मामला बस्ती जोधेवाल स्कूल क्लस्टर का है। यहां स्कूल से पेपर क्लस्टर तक पहुंचाने थे और उसी स्कूल के टीचर्स की ओर से वहां पेपर चेक करना था। परंतु करीब 5-7 स्कूल अपने स्कूल से ही पेपर चेक कर क्लस्टर में पहुंच गए। वे अपने पेपर जमा करवाकर चलते बने। 5वीं की परीक्षा का समय सुबह 10 से 1.15 बजे तक का था। इसके बाद एक घंटे में पेपर स्कूल को क्लस्टर में जमा करवाने थे। परंतु 5 बजे के बाद भी स्कूल टीचर पेपर लेकर क्लस्टर में जमा करवाने के लिए आते रहे।