फैक्टरी की दीवार फांद घुसे बदमाश 1.60 लाख रुपए चुराकर हुए फरार
हंबड़ां इलाके में प्लाई फैक्टरी में चोर दीवार से चढ़कर छत से फैक्टरी में घुस गए। इसके बाद चोर अलमारी में पड़ी नकदी चुराकर फरार हो गए। अगली सुबह जब फैक्टरी वर्कर आए तो देखा अलमारी खुली थी और नकदी गायब थी। इसके बाद उन्हें वारदात का पता चला। कैशियर के मुताबिक चोरों ने करीब 1.60 लाख रुपए चुरा लिए। लाडोवाल पुलिस ने गरेवाल नगर के अजय कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
हेड कांस्टेबल बलविंदर सिंह ने बताया कि मुल्लांपुर रोड पर रमनीक इंटरनेशनल के नाम से फैक्टरी है। इसमें प्लाई तैयार की जाती है। शिकायतकर्ता फैक्टरी में कैशियर है। शिकायतकर्ता के मुताबिक फैक्टरी की पेमेंट आई थी। इसके चलते उसने शाम 4 बजे 1.60 लाख रुपए फैक्टरी के ऑफिस में बनी अलमारी में रख दी। इसके बाद छुट्टी होने पर अलमारी को लॉक लगा घर चाबी ले गया, लेकिन देर रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। अगली सुबह जब कैशियर फैक्टरी आया तो उसे वारदात का पता चला। जांच अफसर के मुताबिक फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर दिखाई दे रहे हैं। फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
महिलाओं ने गोदाम से चुराया कीमती सामान
लुधियाना| थरीके की सुआ रोड पर एक इंटरनेट कंपनी के गोदाम में महिलाओं की ओर से ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया गया। अगली सुबह कंपनी के मुलाजिम आए तो उन्हें वारदात का पता चला। मुलाजिम के अनुसार महिलाओं की और से 320 ट्विस्टेड आईज लिंक, 1680 पीस टिम्बल, 320 पीस कलवीस टिम्बल चोरी कर लिए। थाना सदर की पुलिस ने नई दिल्ली के ओम परकाश की शिकायत पर प्रेम नगर की विद्या और 3 अन्य महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता गुड़गांव की डीजी वन टेक्नोलॉजी कंपनी में सुपरवाइजर है। उक्त कंपनी का लुधियाना में इंटरनेट की ओएफसी केबल डालने का काम चल रहा है। जिसके चलते उनकी और से सुआ रोड पर अपना सामान रखा गया है। शिकायतकर्ता अनुसार 10 मार्च को कंपनी के मुलाजिमों की और से उक्त समान देखा और लॉक करके चले गए। लेकिन अगली सुबह आकर चैक किया तो समान गायब था।