ससुराल वाले पीटते थे, तंग हो महिला ने लगाया फंदा
अयाली खुर्द के दशमेश नगर इलाके में दहेज की मांग पूरी करने के बावजूद ससुराली अक्सर महिला को पीटते थे। इससे परेशान होकर महिला ने पंखे के साथ फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला की पहचान दशमेश नगर की अल्पना के रूप में हुई है। पीएयू पुलिस ने बरेली के मोहित शर्मा की शिकायत पर अयाली खुर्द के शाम सुंदर, राम गनी, हर्ष तौले, जगमोहन शर्मा के खिलाफ सुसाइड के लिए मजबूर करने के आरोप में पर्चा दर्ज किया है।
एएसआई ज्ञान सिंह ने बताया कि मोहित शर्मा मृतका अल्पना का भाई है। आरोपी शाम सुंदर अल्पना का पति है। आरोपी राम गनी सास, हर्ष तौले ससुर और जगमोहन शर्मा देवर है। शिकायतकर्ता के मुताबिक अल्पना की मई 2011 में आरोपी शाम सुंदर के साथ शादी हुई थी। उनके दो बेटे भी हैं। शादी से कुछ समय बाद ही आरोपियों ने उससे दहेज मांगना शुरू कर दिया। मायके वालों ने उसकी मांगें पूरी की, फिर भी आरोपी उसे पीटते थे। इसके चलते शिकायतकर्ता ने कई बार आरोपी ससुराल वालों की मांगें पूरी की। इसके बाद भी आरोपी अल्पना के साथ मारपीट करते थे। एक मार्च को अल्पना ने शिकायतकर्ता को फोन कर बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने शाम सुंदर को फोन किया तो उसने कहा कि अल्पना घर छोड़कर चली गई, लेकिन 2 मार्च सुबह 7 बजे जब ससुराल वाले उठे तो देखा कि अल्पना की लाश फंदे के सहारे पंखे के साथ लटक रही थी। इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता को फोन कर सूचित किया। फिलहाल पुलिस मामले में पर्चा दज कर मामली की गहराई से जांच कर रही है।