बच्चियों और महिलाआें की तंदुरुस्ती को लेकर पोषण पखवाड़ा 22 तक चलेगा
लुधियाना| महिला सशक्तिकरण और बच्चियों के भविष्य के मद्देनजर शुरू पोषण पखवाड़ा 22 मार्च तक चलेगा। इसके तहत जिलेभर में 6 साल तक की बच्चियों, किशोर लड़कियों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को दूध पिलाने वाली माताओं की पोषक स्थिति में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान के दौरान जारी विभिन्न गतिविधियों का जायजा लेने के लिए एसडीएम समराला कम नोडल अफसर गीतिका सिंह ने बचत भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने बताया कि किशोरियों और महिलाओं को कुपोषण मुक्त, सेहतमंद बनाने के हरसंभव प्रयास जारी हैं।
उन्होंने बाल विकास एवं सुरक्षा अफसरों को हिदायत दी कि दुनियाभर में कोरोना के प्रकोप को देखते हुए घर-घर जाकर लोगों को इस बारे में जागरूक किया जाए। लोगों को समझाएं कि भीड़भाड़ वाली जगह जाने से परहेज करें। साथ ही इस अभियान के दौरान चल रही गतिविधियों की रिपोर्ट रोजाना जरूर दी जाए। एसडीएम ने जोर देकर कहा कि इस मुहिम में परिवारों के पुरुष और अन्य महिला सदस्यों को भी भागीदार बनाया जाए। इसमें सभी संबंधित विभागों को गतिविधियों में शामिल होने की जरूरत है। इस मुहिम में बाल विकास प्रोजेक्ट अफसरों और आंगनबाड़ी वर्करों से भी मदद ली जाए।