संदिग्ध परिस्थितियों में तीन ने की आत्महत्या
लुधियाना| शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची संबंधित थानों की पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पहले मामले में रिशी नगर इलाके में चरणजीत (32) नाम के युवक ने आत्महत्या कर ली। पिता सुरजीत ने बताया उनका बेटा वेल्डिंग का काम करता था। वो पिछले काफी दिनों से परेशान था। सोमवार रात उसने घर में खुद को फंदा लगा लिया। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना पीएयू की पुलिस पड़ताल में जुटी है।
दूसरे मामले में गणेश नगर इलाके में चाय की दुकान चलाने वाले शंकर (23) ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि वो मूलरूप से नेपाल का रहने वाला था। उसे पैसों की परेशानी थी, जिसके चलते वो काफी गुमसुम रहता था। इसके चलते उसे कमरे में ही फंदा लगाकर सुसाइड कर ली। थाना डिवीजन 6 पुलिस जांच कर रही है। तीसरे मामले में फुल्लांवाल में लेबर का काम करने वाले विजय कुमार (27) ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। लोगों के मुताबिक उसकी आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। फिलहाल सदर पुलिस मामले की जांच कर रही है।