तीन युवकों ने ट्रैफिक कर्मी के साथ की मारपीट, केस
लुधियाना| सिविल अस्पताल स्थित टी पॉइंट के पास ट्रिपलिंग करके जा रहे एक्टिवा सवार युवकों को ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम ने नाके पर रोक लिया। मुलाजिम द्वारा दस्तावेज दिखाने को कहने पर युवक उसके साथ बहसबाजी करने लग गए। जिसके बाद उन्होंने मुलाजिम के साथ हाथापाई शुरू कर दी और वर्दी फाड़ दी। वहां मौजूद अन्य मुलाजिमों के आने पर हमलावर युवक भाग निकले। थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस ने एएसआई दविंदर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है। एएसआई कुलवीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता ट्रैफिक पुलिस में तैनात है। उनकी ड्युटी सिविल अस्पताल के पास लगी है। जबकि उनके साथ हैड कांस्टेबल लखविंदर सिंह की ड्यूटी लगी हुई है। इस दौरान एक एक्टिवा पर तीन युवक वहां से निकलते दिखे। हेड कांस्टेबल ने उन्हें रोककर दस्तावेज दिखाने को कहा। इसी बात पर उन्होंने मुलाजिम पर हमला कर दिया।