डॉक्टर का एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने छीना पर्स
लुधियाना| घुमारमंडी में शॉपिंग करके महिला दोस्त के साथ जा रही डॉक्टर का एक्टिवा सवार दो बदमाश झपटमारी करके पर्स छीन ले गए। महिला के अनुसार पर्स में चार हजार रुपए, एक सोने का एयर रिंग, एटीएम व अन्य जरूरी दस्तावेज थे। थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने हरियाणा की रहने वाली डॉ. निधि भीमसेन की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। एएसआई सुखजिंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता डॉ. निधि भीमसेन हार्ट स्पेशलिस्ट है और गुरुग्राम में रहती है। उनका वुमेन-डे पर डीएमसी हार्ट सैंटर में कांफ्रेंस आयोजित की गई थी। जिसमें शिकायतकर्ता द्वारा लैक्चर दिया जाना था। उसी कांफ्रेंस में हिस्सा लेने के लिए वह लुधियाना आई थी। जिसके बाद वह शाम को शापिंग करने के लिए महिला दोस्त के साथ घुमारमंडी चली गई। शापिंग करने के बाद वह रात करीब आठ बजे वापिस घर जाने के लिए गुरुद्वारा माई नंद कौर जी के सामने गली में पैदल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से एक एक्टिवा पर सवार होकर दो बदमाश आए। जिन्होंने पास आते ही झपटमारी करके शिकायतकर्ता का पर्स छीन लिया और फरार हो गए।