महिलाएं एक-दूसरे का समर्थन करें : अभिनीत
मॉडल टाउन स्थित गुरु नानक खालसा कॉलेज फॉर वुमन गुज्जरखां कैंपस की महिला सेल ने कॉलेज कैंपस में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। प्रिंसिपल मनिंदर कौर ने महिला दिवस पर छात्रों का स्वागत कर बधाई दी और कहा कि सामूहिक रूप से हम में से हर कोई एक समान लैंगिक दुनिया बनाने में मदद कर सकता है। आयोजन की मुख्य अतिथि अभिनीत कौर सरना रही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी जिम्मेदारियों को निभाने और एक-दूसरे का समर्थन करते हुए सशक्त महसूस करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि असली सशक्तीकरण तभी आएगा, जब एक महिला दूसरी महिला का समर्थन और विश्वास करेगी। इस मौके को चिह्नित करने के लिए छात्रों की प्रतिभा को दिखाने के लिए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कराया गया। इसमें नृत्य प्रदर्शन, कविता पाठ और महिला सशक्तिकरण पर विचार-विमर्श किया गया। समाज में महिलाओं की ओर से निभाई गई विभिन्न भूमिकाओं को दर्शाते हुए छोटे-छोटे कृत्य प्रस्तुत किए गए।