पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पिचकारी, रंग व गुब्बारे...सब हमारे

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मंगलवार को होली का त्योहार है परंतु इस बार इस त्योहार पर करोना का साया नजर आ रहा है। इस बार लोग चाइना के रंगों व पिचकारियों को लेने में परहेज कर रहे हैं। हालांकि बड़े दुकानदारों का दावा है कि इस बार मोगा में चाइना से न रंग आए हैं, न गुब्बारे और न ही पिचकारियां। इस बार यह सारा सामान राजस्थान से मंगवाया गया है, जिसमें आर्गेनिक रंग भी शामिल हैं। परंतु लोग भीड़-भाड़ से बचना चाहते हैं और शहर में बहुत सारी संस्थाओं ने बड़े-बड़े कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वहीं कई व्यापारियों ने पिछले साल के मुकाबले इस बार होली से संबंधित लगभग आधा सामान ही मंगवाए हैं।

स्थानिय रंगों व होली के सामान के थोक के व्यापारी हरी ओम ने कहा कि कोरोना के चलते इस बार उन्होंने होली का कोई भी सामान चाइना का नहीं रखा। इस बार उन्होंने राजस्थान से यह सारा सामान मंगवाया है। इस बार उन्होंने गत वर्ष से आधा 2 से सवा लाख का सामान मंगवाया था। सोमवार सुबह तक 1 लाख का सामान बिक गया है। सोमवार रात तक व मंगलवार सुबह तक सारा सामान बिक जाने की संभावना है। उसने कहा कि चाइना के रंगों को लेकर जो कोरोना की दुहाई दी जा रही है। यह सही नहीं हैं, क्योंकि चाइना से जो एसाइनमेंट आती है वह 6 महीने पहले चल पड़ती है और कोरोना वायरस हाल ही के समय में प्रकट हुआ है। इसलिए वहां के माल से अभी कोई खतरा नहीं। भविष्य का व्यापार ठप पड़ा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने आर्गेनिक रंगों की भी बिक्री की है, जिनकी कीमत 100 से 500 रुपए किलो तक है।

राजस्थान का सामान हाथों हाथ बिका

एक अन्य थोक व्यापारी शिवम अरोड़ा ने कहा कि हमारा होली का सारा सामान बिक चुका है। उसने भी यही दावा किया कि उनका सारा समान राजस्थान की फर्म से आया था।


भीड़ से बचने की सीख

कोरोना वायरस से बचाव के लिए केंद्र व पंजाब सरकार, जिला प्रशासन व सेहत विभाग की ओर से भीड़-भाड़ वाले स्थानों में न जाने की दी जा रही नसीहतों के चलते सिटी में होली के बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करने वाली सामाजिक संस्थाओं ने अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं परंतु आस्था के चलते धार्मिक कार्यक्रम पिछले 3-4 दिनों से चल रहे हैं।


यहां पर करवाए जाएंगे समागम

इधर, आस्था के चलते लोगों के भीड़ से गुरेज नहीं किया और गत 3-4 दिनों से लाल चंद धर्मशाला, शहीदी पार्क समेत विभिन्न मंदिरों में फाल्गुन महोत्सव मनाया गया और 10 मार्च को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक श्री सनातन धर्म हरि मंदिर में बड़ा उत्सव होगा, जिसमें बबली शर्मा बठिंडा वाले भजनों का गुणगान करेंगे और रात 8 से 9 बजे तक खाटू धाम मंदिर में भी होली महोत्सव पर संकीर्तन होगा।


सुरक्षा के लिए 500 पुलिस कर्मी तैनात, हुड़दंगी की तो खैर नहीं

होली के त्योहार के मद्देनजर असमाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। जीटी रोड पर डीसी कार्यालय के पास के चौक, जिला कचहरी के पास के चौक, मुख्य चौक जोगिंदर सिंह, दत्त रोड चौक, अकालसर चौक, बाघापुराना बाइपास व बुघीपुरा बाइपास समेत 7 प्रमुख चौकों पर पुलिस तैनात रहेगी। शहर के मेन बाजर में मैजेस्टिक चौक, श्याम लाल थापर चौक, प्रताप चौक व कोटकपूरा रोड सिटी एंड पर पुलिस की तैनाती रहेगी। एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि डीएसपी, एसएचओ समेत 500 पुलिस मुलाजिम तैनात किए जाएंगे। एसपी-एस रतन सिंह बराड़ ने बताया कि इसके लिए पुलिस लाइन से भी मुलाजिमों को लगाया जा रहा है। इसके अलावा पेट्रोलिंग पार्टियां भी समय-समय पर गश्त करेंगी।

आज बरसेंगे होली के रंग... इस बार चीन की बजाय राजस्थान से आया होली का सामान

कई संस्थाओं ने कार्यक्रम किए स्थगित

यंगर सोशल वेलफेयर क्लब की ओर से हर साल होली का त्योहार भारी संख्या में इकट्ठे होकर मनाया जाता आ रहा है। इस बार इस संस्था ने भीड़ से बचने के लिए होली को नो कहा है। इस संबंधी सौरव शर्मा ने कहा कि इस बार कार्यक्रम नहीं हो रहा। रोटरी इनरव्हील क्लब (महिला विंग) द्वारा भी हर साल बड़े स्तर पर होली का त्योहार मनाया जाता रहा है। इनकी प्रमुख अंसू गर्ग ने कहा कि इस बर भीड़ नहीं जुटाई जा रही। घरों में जाकर रंग लगाएंगे। इसी प्रकार अन्य कुछ और संस्थाओं ने भी ऐसे ही कदम उठाए हैं।

सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी में तैनात किए जाएंगे स्टाफ

होली के त्योहार के मद्देनजर छुट्टी के होते हुए भी इमरजेंसी में 24 घंटे स्टाफ तैनात रहेगा। सहायक सीएमओ जसवंत सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में डॉक्टरों समेत स्टाफ 24 घंटे तैनात रहता है। इसलिए होली के त्योहार के मद्देनजर भी होने वाली दुर्घटनाओं में मरीजों के बचाव के लिए स्टाफ उपलब्ध रहेगा।

मेन बाजार में रंगों की दुकान पर खरीदारी करते ग्राहक।
खबरें और भी हैं...