रोजगार नहीं मिलने पर बीसीए पास युवक ने की आत्महत्या
बीसीए की पढ़ाई करने के बावजूद बेरोजगार रहने के चलते युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
रेलवे पुलिस के एएसआई प्यारा सिंह व हवलदार सोहन सिंह ने बताया कि रामूवाला हाल आबाद बोहना चौक निवासी महेश सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका बेटा हरीश कुमार 29 साल द्वारा बीसीए की पढ़ाई करने के बावजूद भी उसे काम नहीं मिला। इसके चलते वह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा था। इसी परेशानी के चलते वह शनिवार की रात को अचानक घर से चला गया और रात को साढे आठ बजे कोटकपूरा बाईपास स्थित पुल के नीचे से गुजरने वाली रेलवे लाइन के निकट फिरोजपुर से लुधियाना जा रही मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को मिली तो उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पहचान करवानी शुरू की थी। परिजनों को पता चलने पर वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव की पहचान होने पर 174 की कार्रवाई करते हुए शव का सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।