रहस्यमय हालत में तीन बच्चों के पिता की मौत
सुनार का काम करने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल में रखवा दिया है। थाना सिटी साउथ के एएसआई सुखपाल सिंह ने बताया कि गिल रोड निवासी वीरपाल कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका पति दिनेश वर्मा बाघापुराना में सुनार की दुकान करते थे। लेकिन पिछले कुछ समय से दिमागी तौर पर परेशान रहते थे। इसके चलते रविवार को वह घर से गए और रात को 11 बजे वापस लौटे। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर उनको मोगा के निजी अस्पतालों में ले जाया गया। वहां से लुधियाना अपोलो अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह नौ बजे पति की मौत हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को देने पर उसके बयान पर 174 की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए सरकारी अस्पताल में रखवा दिया है। वह तीन बच्चों का पिता था।