ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को मारी टक्कर, मजदूर की मौत
दुर्घटना में साथी मजदूर घायल, केस दर्ज
क्राॅस करते समय तेज रफ्तार कैंटर ने मोटरसाइकिल सवार दो मजदूरों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों मजदूर घायल हो गए। उनको निहाल सिंह वाला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने मृत मजदूर के चचेरे भाई की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना निहाल सिंह वाला के हवलदार इकबाल सिंह व तरसेम सिंह ने बताया कि जिला बरनाला के गांव मल्लियां निवासी हरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका चचेरा भाई गुरप्रीत सिंह (36) मजदूरी करता है। शनिवार को उसका भाई अपने साथी मजदूर गगनदीप सिंह निवासी पतोहीरा वाला के साथ मोगा में बाइक पर काम करने के लिए आए थे। वहां से काम खत्म करके वापस पतोहीरा सिंह में गगनदीप सिंह को छोड़ने के लिए बाइक से जा रहा था। जैसे ही बाइक गांव हिम्मतपुरा पुल पर पहुंची। इतने में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को क्रास करते समय टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गुरप्रीत सिंह व गगनदीप सिंह घायल हो गए। उनको सरकारी अस्पताल निहाल सिंह वाला में दाखिल करवाया गया था। लेकिन इलाज के दौरान गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई।
मामले की जानकारी पुलिस को देने पर उसके बयान पर कैंटर चालक मंजीत सिंह निवासी अदामपुरा हिसार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हादसे के बाद कैंटर चालक मौका पाकर घटना स्थल से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने रविवार को शव का सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।