- Hindi News
- National
- Ajitwal News Holi Celebrates On Holi Celebrates By Dancing And Singing On Dj
होली पर उड़े रंग-गुलाल, डीजे पर नाच-गाकर मनाया जश्न
लाला लाजपत राय मेमोरियल ग्रुप ऑफ कॉलेज में रंगों का त्योहार होली को मनाते हुए डायरेक्टर डॉ. चमन लाल सचदेवा ने इस पर्व की शुभकामनाएं दी। डॉक्टर चमन लाल सचदेवा ने कहा कि होली का पर्व रंगों व खुशियों का त्यौहार है। इसमें हर्बल रंग व फूलों का ही प्रयोग करना चाहिए। प्रिंसिपल राजकुमार गुप्ता ने कहा कि हम सभी को यह त्योहार मिल जुलकर मनाना चाहिए। प्रोजेक्ट इंचार्ज विशाल जीत कौर ने कहा कि होली हमारे जीवन में खुशियां और उल्लास लेकर आती है। इसलिए हमें उत्साहित होकर यह त्यौहार मनाना चाहिए।
रंग-बिरंगे रंगों के साथ खेली होली
होली हमारे जीवन में खुशियां और उल्लास लेकर आती है : डॉ. चमन लाल सचदेवा
भास्कर न्यूज | मोगा
शहर के अलग-अलग गली मोहल्लों व बाजारों में होली का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। बेशक इस वर्ष कोरोनावायरस को लेकर लोग असमंजस में थे कि होली खेले या न खेले, लेकिन मंगलवार को युवाओं की अपेक्षा छोटे बच्चों में होली पर्व को लेकर उत्साह ज्यादा था। शहर की हर गली मोहल्ले में छोटे बच्चे एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर इस त्यौहार को मना रहे थे। शहर के न्यू टाउन, जवाहर नगर, वेदांत नगर, शांति नगर, दत्त रोड, भीम नगर, पुराना मोगा सहित अन्य स्थलों पर छोटे बच्चों ने पिचकारी में रंग भरकर एक दूसरे पर पानी की बौछारें कीं, वहीं महिलाओं ने डीजे पर होली के गीतों पर नाच कर इस त्यौहार का आनंद लिया। शहर में होली पर्व को लेकर युवा हुल्लड़बाजी न करें इसको लेकर शहर के हर चौराहे पर पुलिस द्वारा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। जबकि शहर के मंदिरों में होली का पर्व फूलों की होली खेलकर मनाया गया।
वहीं, जय श्री राधे श्याम सेवा मंडल की ओर से मंगलवार रात्रि खाटू धाम मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ व संकीर्तन का आयोजन किया गया। मन्दिर के सेवादार तीर्थराम जिंदल ने पं. जसमेर गौड़ की अध्यक्षता में पूजन किया। हनुमान चालीसा का पाठ पढ़कर संकीर्तन का आगाज किया गया। भजन गायक जय गोयल ने हरे राम हरे रामा जपते थे हनुमाना.., श्रीराम की नगरी में तुम जाना वहां नाचते मिलेंगे हनुमाना... भजनों से भक्ति रस बिखेरा। अध्यक्ष रिशभ गर्ग ने कहा कि 19 मार्च को खाटू धाम मन्दिर में शुक्रिया सांवरे भजन संध्या रात्रि 8 से 9.30 बजे तक करवाई जाएगी। इस अवसर पर जतिंदर पूरी, प्रो. सुरेश बांसल, केशव बांसल, संदीप गर्ग, रमीकांत जैन, अश्विनी गुप्ता, भारत सिंगला, ओम प्रकाश चावला, आशु चावला, मानक शाह, कृष्णा, यशु जिंदल, लखबीर धुन्ना आदि उपस्थित थे।
बाघापुराना| रंग बिरंगे रंगों का त्योहार होली बच्चे, बूढ़े व युवकों ने खूब धूमधाम से मनाया। सभी ने एक दूसरे के रंग लगाकर जिंदगी में खुशियां मिलने की कामना की। हालांकि पुलिस की और से सड़कछाप मजनुओं पर भी लगाम लगने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। लेकिन पूरा दिन कोई भी घटना नहीं घटी।
शहर में युवा मोटरसाइकिल पर टोलियां बनाकर होली का पर्व मनाते हुए।
पुराना मोगा में नव विवाहित युवतियां एक-दूसरे पर गुलाल लगाकर होली मनाती हुईं।
खाटूमन्दिर में संकीर्तन करते जय श्री राधे श्याम सेवा मंडल के सदस्य।
विद्यार्थियों काे रंग लगाकर होली पर्व मनाते डायरेक्टर डॉक्टर चमन लाल सचदेवा।