पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Nawanshahr News 16 Mm Rain Heavy Wind And Hail Storm In 24 Hours Damage To Wheat Crop Possibility Of Tree Loss

24 घंटे में 16 एमएम बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान, झाड़ घटने का अंदेशा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

दो सप्ताह से रुक-रुक कर हो रही बारिश खासकर इस हफ्ते में बारिश के साथ चली तेज हवाओं और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल का भारी नुकसान हुआ है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते गेहूं की फसल का झाड़ प्रति एकड़ कम होने का अंदेशा है।

वीरवार रात को बारिश, तेज हवाएं व ओलावृष्टि हुई, शुक्रवार दिन के समय भी ऐसे ही हालात बने रहे। जिसके चलते शुक्रवार सुबह तक 24 घंटे के दौरान औसतन 16 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। नवांशहर में 8.2 एमएम व बलाचौर में 23.2 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। जबकि गेहूं की फसल को हुए नुकसान की बात करें तो ओलावृष्टि से 3 से 4 फीसदी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। यह कृषि विभाग के आंकड़ों पर आधारित है, जबकि किसानों की माने तो प्रति एकड़ गेहूं का झाड़ करीब एक से डेढ़ क्विंटल तक झाड़ कम होने की आशंका है। यही नहीं अगर इसी तरह बारिश, तेज हवाएं व ओलावृष्टि जारी रही तो गेहूं की फसल पर बहुत ही बुरा असर पड़ेगा। बारिश की वजह से किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

सुबह मूसलाधार बारिश से निचले इलाकों और बाजारों में भरा पानी

शुक्रवार को मूसलधार बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया। जिले में 24 घंटे के दौरान हुई बारिश व ओलावृष्टि से ठंड बढ़ गई है। तापमान एक दम नीचे लुढ़क गया है। वीरवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम 15 डिग्री दर्ज किया गया था। शुक्रवार को बारिश के बाद अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश, ओलावृष्टि व तेज हवाओं की वजह से मौसम में ठिठुरन फिर से लौट आई है। करीब दो हफ्तों से निकल रही चिलचिलाती धूप की वजह से मौसम में गर्मी का एहसास होने लगा था। मगर बारिश से मौसम में ठंडक आ गई है।

कृषि विभाग फसल के हुए नुकसान का सर्वे करवाएगा : सुरिंदर सिंह

जिला कृषि अधिकारी सुरिंदर सिंह का कहना है कि बारिश, ओलावृष्टि व हवाओं की वजह से गेहूं की फसल को आंशिक नुकसान पहुंचा है। कुछेक क्षेत्रों में गेहूं की फसल बिछी है या ओलों की वजह से सिट्टों को नुकसान हुआ है। हालांकि तेज हवा की वजह से गिरी फसल की ग्रोथ जारी रहेगी। जबकि दिन में हुई बारिश, ओलावृष्टि की वजह से क्या असर पड़ा है इसके लिए सर्वे करवाया जाएगा।

जिले में गिरदावरी कराई जाए : सुरिंदर सिंह बैंस

किरती किसान यूनियन के नेता सुरिंदर सिंह बैंस का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं से गेहूं की फसल बिछ गई है और शुक्रवार को ओले पड़ने की वजह से गेहूं की फसल की बल्लियां टूट गई हैं। इसके चलते कई क्षेत्रों में फसल का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी यूनियन की मांग करती है कि प्रशासन की ओर से गिरदावरी करवाई जाए। ताकि मौसम के बदले मिजाज की वजह जिन किसानों का नुकसान हुआ है, उनको मुआवजा िमले।

ओले पड़ने से 3 से 4 फीसदी नुकसान, तेज हवाओं से 7-8 फीसदी फसल गिरने का अनुमान

बारिश के बाद तेज हवाओं व ओलावृष्टि की वजह से गिरी हुई गेहूं की फसल। -भास्कर
खबरें और भी हैं...