पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Nawanshahr News In The Congress Councilors About Led Lights There Was A Fierce Fight We Got Fewer Lights Than Other Councilors

एलईडी लाइटों को लेकर कांग्रेसी पार्षदों में मारामारी कहा- हमें दूसरे पार्षदों के मुकाबले कम लाइटें मिलीं

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नवांशहर नगर कौंसिल की ओर से लगाई जा रही एलईडी लाइटों को लेकर कांग्रेसी पार्षदों में मारामारी शुरू हो गई हैं। रविवार को विधायक अंगद सिंह ने नवांशहर के कांग्रेसी पार्षदों व सीनियर नेताओं की एक बैठक बुलाई थी, जिसमें एलईडी लाइटों का मुद्दा छाया रहा। कांग्रेसी पार्षदों ने विधायक अंगद सिंह व सीनियर कांग्रेसी नेता राणा कुलदीप के सामने उन्हें पेश आने वाली कठिनाईयों का जिक्र किया, जबकि कई पार्षदों ने उनके वार्ड को नजरअंदाज करने की बात करते हुए कहा कि उनके वार्ड को तय अनुपात से बेहद कम लाइटें मिली हैं। किसी ने उनकी सहमति के बिना दूसरे पार्षद के कहने पर उनके वार्ड में लाइटें लगवाने की बात कही। एक पार्षद ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि अगर उनके वार्ड में उनकी जानकारी के बिना लाइटें लगेंगी, तो फिर उनके चुने जाने का क्या फायदा। दुखड़ा रोने वाले पार्षदों को विधायक ने नई लाइटें आने पर पहल के आधार पर लाइटें दिलवाने का आश्वासन दिया। हैरानी की बात तो यह है कि एक पार्षद खासतौर पर विदेशी दौरे से पहले अपने वार्ड में उनके आने तक कोई भी लाइट न लगाने की हिदायत देकर गए थे, लेकिन एक अन्य पार्षद की ओर से उस वार्ड के एक मंदिर के पास लाइट लगवा दी गई। अब पार्षद इस बात से भी नाराज बताए गए कि आखिर उनके वार्ड में उनकी मर्जी के बिना दूसरे कांग्रेसी पार्षद ने लाइट कैसे लगवा दी। मामले की कांग्रेसी हलकों में खासी चर्चा है।

नजरअंदाज किए जाते कांग्रेसी पार्षदों से पूरी सहानुभूति

कांग्रेसियों के इस झगड़े में अकाली मजे ले रहे हैं। अकाली दल पार्षद परम खालसा ने कहा कि नजरअंदाज हो रहे कांग्रेसी पार्षदों से उनकी सहानुभूति है। उन्होंने कहा कि असल में तो लाइटें लोगों की डिमांड के अनुसार लगनी चाहिएं, न कि किसी पार्षद की डिमांड के हिसाब से।

लाइटों का काम कंपनी को देखने दीजिए : गगन

आप नेता गगन अग्निहोत्री ने कहा कि लाइटें लोगों के टैक्स से एकत्रित पैसे से लग रही हैं। ऐसे में पार्षदों का इस काम से क्या लेना देना। जिस कंपनी ने लाइटें लगानी है, उसने सर्वे किया होगा। वह सर्वे के हिसाब से लाइटें लगाती रहे।

किसी से भेदभाव वाली कोई बात नहीं : पाठक

नगर कौंसिल प्रधान ललित मोहन पाठक ने कहा कि फिलहाल जितनी लाइटें आई हैं, उन्हें शहर में लोगों की डिमांड के अनुसार लगवाया गया है। किसी के साथ भेदभाव वाली कोई बात नहीं। वे सारे शहर के प्रधान हैं।

खबरें और भी हैं...