- Hindi News
- National
- Nawanshahr News Report Of Suspected Corona Virus In The District Is Negative
जिले में कोरोना वायरस के संदिग्ध की रिपोर्ट निगेटिव
सिंगापुर से करीब एक महीना पहले भारत आई और सर्दी खांसी के बाद सिविल अस्पताल में भर्ती महिला का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। टेस्ट निगेटिव आने के बाद सेहत विभाग ने राहत की सांस ली है। बुधवार को इस महिला को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। जबकि कोरोना संबंधी टेस्ट करवाने के लिए सेंपल लेकर अमृतसर स्थित लेबोरेटरी भेजा गया था। सिविल सर्जन डॉ. रजिंदर प्रसाद भाटिया ने बताया कि महिला की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना का कोई भी मामला नहीं है। हालांकि विदेश से आने वाले लोगों पर विभाग नजर रख रहा है।
घबराने की जरूरत नहीं बल्कि सावधानी बरतें : प्रोग्राम अफसर
प्रोग्राम अफसर डॉ. श्याम वेदा ने बताया कि घबराने की कोई बात नहीं है। इस वायरस के पीड़ितों में बुख़ार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ प्राथमिक लक्षण है। उन्होंने कहा कि चीन, इरान, इटली, कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया से आने वाले यात्रियों के लिए इन लक्षणों की स्थिति में विशेष ध्यान रखने की ज़रूरत है। उन्होंने बताया कि करोना वायरस से बचाव के लिए समय-समय पर हाथों को अच्छी तरह साबुन के साथ धोया जाए या फिर अल्कोहल आधारित हैड सैनेटाइजर के साथ हाथ साफ किए जाएं। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक पर रुमाल रखा जाए। बुखार और खांसी वाले व्यक्तियों से दूरी बना कर रखी जाए।