- Hindi News
- National
- Nawanshahr News Sbi39s Atm Stolen From Gas Cutter Stole 3 Lakh 38 Thousand Rupees
एसबीआई के एटीएम को गैस कटर से काट 3 लाख 38 हजार रुपए चुराए
थाना बहराम के गांव बीसला में शनिवार सुबह अज्ञात लुटेरों ने एसबीआई बैंक के बाहर लगे एटीएम को गैस कटर से काट उसमें से कैश चोरी कर लिया। शुक्रवार व शनिवार की मध्य रात्रि करीब 3 बजे हुई इस घटना के बारे में आसपास के लोगों को सुबह पता चला, जिसके बाद एटीएम को आपरेट करने वाली कंपनी के लोगों ने आकर इसकी जानकारी पुलिस को दी।
जिसके बाद पुलिस ने एटीएम का कामकाज देखने वाली कंपनी के अधिकारी सुखविंदर सिंह के बयानों पर 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह 3 बजे के करीब एक गाड़ी में आए तीन लुटेरों ने गैस कटर की मदद से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बीसला ब्रांच के बाहर लगे एटीएम को पीछे से काट दिया। कंपनी के अधिकारी सुखविंदर सिंह ने अपने बयानों मे लिखवाया कि आरोपी अपने साथ एटीएम की 3 लाख 38 हजार 500 रुपए की नगदी चुरा ले गए हैं। लूटेरों में से एक लुटेरा सबसे पहले अपना चेहरा छिपाते हुए एटीएम के अंदर आया तथा उसने आते ही सबसे पहले कैमरे पर स्प्रे किया। बहराम थाना इंचार्ज सब इंस्पेक्टर नरेश कुमारी ने बताया कि पुलिस बीसला एटीएम तक पहुंचने वाली सभी सड़कों के एटीएम्ज की फुटेज खंगाल रही है। तीन आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457, 380, 427 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
4 साल पहले खटकड़कलां एटीएम लूट की तर्ज पर हुई गांव बीसला में लूट की वारदात
गांव बीसला में शनिवार सुबह हुई लूट की यह घटना करीब चार साल पहले गांव खटकड़कलां में हुई लूट की तर्ज पर ही घटित हुई लगती है। उस समय भी आरोपियों ने एटीएम मशीन के आसपास लगे कैमरों पर स्प्रे कर दिया था तथा फिर वहां से नकदी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस बीसला के मामले में भी खटकड़कलां एटीएम लूट के मामले में बाद में नामजद आरोपियों के स्टेट्स का पता लगा रही है।