नशीले टीकों और हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
नवांशहर | सिटी नवांशहर और बहराम की पुलिस ने नशीले टीकों व हेरोइन के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सिटी नवांशहर के एएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि वह गांव गुज्जरपुर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने मोटरसाइकिल (पीबी32जे-5182) सवार व्यक्ति को आते देखा। उसने पुलिस को देख मोटरसाइकिल पर लटकाया प्लास्टिक का लिफाफा खेत में फेंक दिया और मोटरसाइकिल पीछे मोड़ने लगा। पुलिस ने उसे काबू करके उसका नाम पता पूछा। उसने अपना नाम नीरज कुमार निवासी फतेह नगर बताया। चेकिंग के दौरान उससे 210 नशीले टीके बरामद हुए। एसआई विजय चौधरी ने बताया कि नीरज कुमार की निशानदेही पर 4 हजार नशीली गोलियां और बरामद की हैं।
उधर, थाना बहराम के एएसआई दूनी चंद ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ गांव तलवंडी जट्टां की तरफ जा रहे थे। जब वे बिजली घर बहराम पहुंचे तो सामने से एक व्यक्ति को पैदल आते देखा। उसने पुलिस पार्टी को देख कर हाथ में पकड़ा प्लास्टिक का लिफाफा सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को काबू करके उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम अश्वनी कुमार निवासी बहराम बताया। चेकिंग में उससे 5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिए गए है।