घर से काॅलेज और स्कूल पढ़ने गई 2 बहनें लापता
घर से काॅलेज व स्कूल पढ़ने गई दो बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिवार को इसका पता तब चला जब दोनों बहनें काॅलेज व स्कूल से देर शाम घर वापस नहीं लौटी। परिवार ने अपने तौर पर दीनानगर स्थित काॅलेज व स्कूल में जाकर पता किया, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला। परिवार ने रिश्तेदारों व सहेलियाें से भी पता किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। उसके बाद परिवार ने दोनों बेटियों के लापता होने की शिकायत सदर थाने में की है। उधर, पुलिस ने शिकायत मिलने पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नरोट मेहरा के रहने वाले शिकायतकर्ता पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बयान दिए कि उसकी बड़ी लड़की दीनानगर स्थित एक काॅलेज में बीए-थर्ड में पढ़ती है और उसकी छोटी बेटी नरोट मेहरा स्थित स्कूल में 8वीं कक्षा में पड़ती है। घर से उसकी दोनों बेटियां स्कूल व काॅलेज में पढ़ने गई थीं, लेकिन घर वापस नहीं आई। उसने बड़ी बेटी के काॅलेज व छोटी बेटी के स्कूल में जाकर पता किया, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला। परिवार ने अपने तौर पर बेटियों को काफी ढूंढ़ा और रिश्तेदारों के घर भी पता किया, लेकिन उसकी दोनों बेटियां नहीं मिलीं।
पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी दोनों बेटियों को कोई धोखे से बहला फुसला कर अपने साथ ले गया है। मामले की जांच कर रहे सदर थाने के एएसआई यशपाल ने बताया कि पुलिस ने लड़कियों के पिता की शिकायत मिलने पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ 363, 366, 366ए के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों लड़कियों को ढूंढ़ने व साथ लेकर जाने वाले दोनों युवकों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, परिवार द्वारा जो मोबाइल नंबर दिए है, उसे ट्रेस किया जा रहा है।