- Hindi News
- National
- Pathankot News 20 Thousand Population Of 9 Mohallas Including Kanshi Nagar Drinking Dirty Water For 6 Months People Said No Hearing
कांशी नगर सहित 9 मोहल्लों की 20 हजार आबादी 6 माह से पी रही गंदा पानी...लोग बोले-कोई सुनवाई नहीं
सिटी में जगह-जगह वाटर सप्लाई पाइप में लीकेज के चलते मोहल्ला कांशी नगर, रामपुरा, ईश्वर नगर, शंकर नगर, कच्चे क्वार्टर, घरथोली मोहल्ला, पटेल चौक, पटेल नगर, नेहरू नगर सहित 9 मोहल्लों में दूषित पेयजल की सप्लाई होने से 20 हजार आबादी परेशान है। कई इलाके तो ऐसे है, जहां 6 महीने भी नहीं हुए पाइपों को चेंज किए कि गंदे पानी की सप्लाई फिर से शुरू हो गई।
मोहल्ला ईश्वर नगर के लोगों का कहना है कि हैरानी है कि कुछ महीने पहले ही नई पाइपें डाली गई थी, इसके बावजूद घरों में दूषित पेयजल सप्लाई आ रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार पानी को उबालना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि मजबूरन उनको किसी गुरुद्वारे, मंदिर या दूसरे इलाकों के ट्यूबवेल से पानी लाना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि उनके इलाकों में इतना बदबूदार पानी आ रहा है कि उससे खाना खाने को भी मन नहीं करता। इस बाबत शिकायत भी करो तो कोई सुनता ही नहीं, क्या करें। मोहल्ला कच्चे क्वार्टर माडल टाउन की राजी महंत वाली गली और अशोका आटा चक्की वाली गली में कई महीनों से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है लेकिन अभी तक नगर निगम ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसी तरह पटेल चौक में तो पाइप का ज्वाइंट लीक कर रहा है, इसके चलते पटेल नगर एरिया में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है।
5 लाख का टेंडर हो चुका है, पाइपें ठीक की जा रही है : परमजोत
नगम जेई परमजोत सिंह ने कहा कि 5 लाख का टेंडर हो चुका है। जहां भी गंदे पानी की सप्लाई हो रही है पहचान की जा रही है, वहां पाइपें के टोटे डालकर गंदे पानी की सप्लाई को ठीक किया जाएगा। पटेल चौक में जेसीबी लगाकर काम चालू करवाया गया है।
बदबूदार वाटर सप्लाई से परेशान
प्रवेश कुमारी ने कहा कि पानी में इतनी बदबू होती है कि पानी पीना तो दूर कपड़ों की धुलाई करना भी मुश्किल हो जाता है कई कई दिन हम कपड़ों की धुलाई नहीं कर पाते। मंदिर से पानी भरकर लाना पड़ता है। कई बार शिकायत की मगर असर कोई नहीं।
दूसरे इलाकों से भर लाते हैं पानी
विपिन कुमार ने कहा कि नगर निगम के सप्लाई हो रहे पानी में इतनी बदबू होती है कि उन्होंने घर का पानी इस्तेमाल करना ही बंद कर दिया है। वह खाना बनाने, नहाने के लिए दूसरे इलाके भदरोआ में लगे टयूबवेल से पानी भरकर लाते हैं।
घर के आगे फटी है सीवरेज पाइप
कांशी नगर के संजीव शर्मा ने कहा कि उनके घर के आगे सीवरेज पाइप कई दिनों से टूटी हुई है, जिस कारण गंदा पानी आ रहा है। कोई ठीक करने नहीं आया। मिट्टी डालकर लीकेज रोकने की कोशिश की मगर ठीक नहीं हुई। कोई सुनवाई नहीं है।
खाना बनाने के लिए मुश्किल है
कांशी नगर की पलविंदर कौर ने कहा कि समझ नहीं आता कि पाइपें चेंज किए अभी 6 माह नहीं हुए कि फिर से गंदे पानी की सप्लाई शुरू हो गई। इतनी बदबू आती है खाना बनाने का मन नहीं होता। इलाके में गंदे पानी की सप्लाई को ठीक किया जाए।
6 महीने पहले ही बदली गई थीं वाटर सप्लाई की पाइपें, बार-बार उबालना पड़ता है पानी
मोहल्ला कांशी नगर में आ रहा गंदा पानी दिखाते इलाका निवासी।