वाटर सप्लाई व सीवरेज के ~87 करोड़ के काम अलाॅट
नगर निगम पठानकोट का पहला कार्यकाल 13 मार्च को खत्म हो रहा है। पहला कार्यकाल पूरा होने के पहले निगम एरिया में अमरुत सिटी योजना के तहत बहुप्रतीक्षित 87 करोड़ के वाटर सप्लाई और सीवरेज लाइन के काम ठेका कंपनियों को अलाॅट हो गए हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि इसी महीने कुछ कामों की शुरुआत कर दी जाएगी। इन कामों का बड़ा हिस्सा पटियाला की कंपनी जयभूषण मलिक एंड कंपनी को मिला है। इस प्रोजेक्ट से शहर के साथ के एरिया और निगम में शामिल किए गए नए एरिया में वाटर सप्लाई और सीवरेज लाइन का ढांचा तैयार हो जाएगा। 87 करोड़ का यह काम कोई एक कंपनी कराने को तैयार नहीं थी जिस कारण प्रोजेक्ट अधर में लटका था। काम को अलग-अलग पाॅकेट में विभाजित करने पर ही कंपनियां आगे आईं और काम आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।
}पॉकेट 2 में लाडोचक्क, धीरा, कथलौर कालोनी, छोटा दौलतपुर, न्यू कालोनी, ढांगू, कोठी पंडिता, जमालपुर एरिया में 29 करोड़ से डलेगी वाटर सप्लाई व सीवरेज लाइन
> 13.32 करोड़ से पाकेट नं.1 में सरना, मलिकपुर, नरोट मेहरा एरिया में वाटर सप्लाई और सीवरेज लाइन डालने का काम आरएस बिल्डर अमृतसर की कंपनी को अलाॅट हुआ है।
> पाॅकेट 2 में 29 करोड़ से वाटर सप्लाई और सीवरेज लाइन का काम जयभूषण मलिक एंड कंपनी पटियाला को अलाॅट हुआ है जिसमें लाडोचक्क, धीरा, कथलौर कालोनी, छोटा दौलतपुर, न्यू कालोनी, ढांगू, कोठी पंडिता, जमालपुर एरिया शामिल है।
> पाॅकेट 3 का 30.62 करोड़ का काम भी पटियाला की जयभूषण कंपनी को ही अलाॅट हुआ है जिसमें मामून, आधुनिक विहार, बेदी बजरी कंपनी, शांत विहार, गोल्डन एवेन्यू, ग्रीन हैवेन कालोनी, सुंदरनगर, पूरन नगर, खानपुर, लमीनी में वाटर सप्लाई और सीवरेज लाइन डाली जानी है। टेक्निकल कमेटी ने अप्रूव कर दिया है।
>पाकेट 4 में 2.20 करोड़ से 6 ट्यूबवेल लगाए जाने हैं जो काम नेगोशिएशन के लिए गया है। इसी तरह म्यूनिसिपल कालोनी, ढाकी में सीवरेज और वाटर सप्लाई की मेन लाइनें बदली जानी हैं 1 करोड़ 1 लाख से। 2.85 करोड़ से पानी के 6 ओवरहेड टैंक बनने हैं।
जल्द शुरू होंगे काम
करीब 70 करोड़ के काम कंपनियों को अलाॅट हो गए हैं इनमें कुछ के काम इसी महीने शुरू करा दिए जाएंगे। यह निगम के पहले कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि है। बाकी काम प्रोसेस में हैं।
-अनिल वासुदेवा, मेयर