पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Pathankot News Mayer Enumerates 5 Years Of Achievements With Bjp Councilors Said Get 100 Crore Works Done

मेयर ने भाजपा पार्षदों के साथ गिनाईं 5 साल की उपलब्धियां, कहा- 100 करोड़ के काम करवाए

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भाजपा के कब्जे वाली पठानकोट के पहले नगर निगम का 5 साल का कार्यकाल शनिवार को आखिरी दिन है। शुक्रवार को निगम के भाजपाई मेयर अनिल वासुदेवा और भाजपा पार्षदों ने अपनी 5 साल की उपलब्धियां गिनाईं और 100 करोड़ों रुपए के विकास कार्य कराने का दावा किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार हार के डर से चुनाव समय से नहीं करा रही है और डर रही है। पांच साल पहले फरवरी में ही चुनाव हुए थे, लेकिन अब कांग्रेस सरकार चुनाव में देरी कर रही है।

मेयर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद पिछले 3 साल में निगम के काम में अड़चन पैदा करने की कोशिश की गई, जबकि अकाली भाजपा सरकार के समय 3 साल में रिकॉर्ड 80 फीसदी काम किए गए हैं। अमृत योजना के तहत सिटी में 87 करोड़ के टेंडर पास करवाए गए है। इनमे 15 ट्यूबवेल लगाए जाएंगे और नई आबादी में 6 ओवर वाटर हेड और 40 किलोमीटर नई वाटर सप्लाई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। 5 पार्कों में से 2 का काम 70 फीसदी पूरा हो चुका है। 92 सौ एलईडी स्ट्रीट लाइट्स लगाकर निगम को हर माह 6 लाख रुपए बिजली बिल की बचत की गई है। नए एरिया में 55 सफाई कर्मी फुल टाइम लगाए गए हैं और मृतक कर्मचारियों के आश्रित परिवारों के 22 लोगों को प्राथमिकता के आधार पर नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि पांच साल में निगम को आत्मनिर्भर बनाया गया है और विकास कार्य कराने के बावजूद निगम के खाते में 30 करोड़ रुपए जमा हैं और 14वें वित्त कमिशन की 15 करोड़ की ग्रांट और आएगी। निगम ने पीईआडीबी के रूके पड़े कार्यों को निगम अपने फंड से 6 करोड़ से कंप्लीट कराएगा। इसके टेंडर पास कर दिए गए हैं और काम भी एक दो दिन में शुरू हो जाएंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 2 साल में सरकार ने निगम के काम में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है और अब चुनाव को आगे खींच काम कराने की तैयारी कर रहा है। भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है और दोबारा से निगम में वापसी करेगी। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर निर्मल सिंह, डिप्टी मेयर वीना परमार, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष व पार्षद अनिल रामपाल, पार्षद व भाजपा नार्थ मंडल के प्रधान शमशेर ठाकुर, साउथ मंडल के प्रधान व पार्षद रोहित पुरी, प्रवीन शर्मा पप्पी, राजू महाजन, राज कुमार महाजन, विजय शर्मा चूनी, चरणकमल शर्मा भगवती, अश्वनी महाजन गोपी, बलविंद्र बिल्ला, सतपाल खुल्लर, सुरेश महाजन पिंटू, विजय काटल, राज कुमार, रवि परमार, संजीव अली मौजूद रहे।

डोर टू डोर 100 फीसदी कलेक्ट होगा कूड़ा

मेयर ने कहा कि शहर में डोर टू डोर 100 फीसदी कूड़ा कलेक्शन के लिए डीसी व कमिश्नर के जरिए सरकार को प्रोजेक्ट बनाकर भेजा गया है। इससे शहर में 36 नए हुप्पर खरीदे जाएंगे। प्रोजेक्ट से निगम को मासिक खर्च 29.15 लाख होगा जबकि 32.90 लाख रुपए निगम की ओर से शहर से इकट्ठा किया जाएगा। इसके लिए हर कलेक्टिंग प्वाइंट व घर से 50 रुपए लेने का प्रावधान किया गया है।

निगम का कार्यकाल खत्म होने की पूर्व संध्या पर पांच साल की उपलब्धियां गिनाते मेयर अनिल वासुदेवा और पार्षद।
खबरें और भी हैं...