मार्च में पारा सामान्य से 1 डिग्री नीचे, 3 दिन बारिश की संभावना
मार्च के पहले पखवाड़ा चल रहा है और सर्दी के तेवर गर्म नहीं पड़ रहे हैं। इसके चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे चल रहा है जोकि पिछले तीन साल के मुकाबले मार्च में सबसे कम है। बुधवार को बारिश से सर्दी के तेवर और चढ़ गए हैं। अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक बारिश की संभावना जताई है।
इससे पहले सुबह आसमान में हलके बादल छाए रहे और दोपहर तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। ढाई बजे अचानक से पूरा आसमान काले बादलों से ढक गया और तीन बजे रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। देर शाम तक रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल ने बताया कि बारिश व ओलावृष्टि से जुड़े एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण 12 से 13 मार्च के बीच मौसम प्रभावित होने की संभावना है। इस दौरान कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 13 मार्च को ओलावृष्टि के साथ-साथ हल्की बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटा की स्पीड से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश के बीच पटेल चौक से गुजरते वाहन चालक।