- Hindi News
- National
- Pathankot News Used To Deliver Drugs By Ordering At The Said Base Caught Waiting For The Customer
आॅर्डर लेकर बताए अड्डे पर कार से करते थे नशे की डिलीवरी, ग्राहक का इंतजार करते दबोचा
हिमाचल के छन्नी बेली से कार में पठानकोट नशा बेचने आए कार सवार महिला व युवक को जिला पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने मौके पर 9 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उक्त दोनों मोबाइल पर आॅर्डर लेते थे और फिर कार में बैठकर उक्त नशे की डिलीवरी पहुंचाते थे। नशा तस्कर अपने साथ महिला को कार में लेकर आता था ताकि किसी को शक न हो। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त दोनों लोग हिमाचल नंबर की कार में सवार होकर पठानकोट-बाइपास हाईवे पर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर दोनों को पकड़ लिया।
थाना डिवीजन नं.2 के एएसआई पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने पठानकोट-बाइपास स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन डल्हौजी रोड पर नाका लगाया था। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त दो लोग नशीला पदार्थ बेचने का धंधा करते हैं अौर दोनों हिमाचल नंबर की गाड़ी में सवार होकर पठानकोट में बाइपास पर कार खड़ी करके ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। एएसआई पवन कुमार ने इसकी जानकारी मामून थाना प्रभारी अनीता कुमारी को दी। पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमारी की तो वहां एक आॅल्टो गाड़ी खड़ी थी। कार में ड्राइवर वाली सीट पर एक युवक और साथ वाली सीट पर एक महिला बैठी थी। पुलिस ने उक्त दोनों को पकड़ा और तलाशी ली तो उनसे 9 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम लखविंद्र उर्फ लखा व महिला ने गारो निवासी छन्नी बेली डमटाल (हि.प्र) बताया। मामून कैंट थाने में दोनों लोगों के खिलफ 21-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच व पूछताछ के बाद और खुलासे होने की उम्मीद है।