कैंटर ने चार गाड़ियों को टक्कर मारी, 1 जख्मी
पटियाला|राजपुरा रोड स्थित ट्रक यूनियन की लाइट पर एक बेकाबू कैंटर ने बाइक सहित चार गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया जबकि अन्य व्हीकल टूट गए। हादसे के बाद आरोपित कैंटर चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद बाइक सवार जख्मी युवक को ट्रक के नीचे से निकाल कर राजिंदरा अस्पताल में भिजवा दिया। मौके पर खड़े गुरजंट सिंह ने बताया कि ट्रक यूनियन वाले चौक पर लाल बत्ती होने के कारण सभी व्हीकल खड़े थे। इस दौरान राजपुरा साइड से एक कैंटर तेज रफ्तार पर आया,जिसने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर दो युवक सवार थे, बाइक के पीछे बैठा युवक बच गया लेकिन बाइक चालक ट्रक के नीचे फंस गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के आगे खड़े टेपों, एक कार व बस भी आपस में टकरा गए। फिलहाल जख्मी को राजिंदरा अस्पताल में दाखिल करवाया है, जिसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है।