नगर निगम ने 325 जरूरतमंदों को बांटे चेक
पंजाब सरकार द्वारा कच्ची छतों के मकानों में रहने वाले लोगों को अपने घरों की छत पक्की करने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की राशि प्रति मकान बांटने का फैसला लिया गया था। पंजाब आवास योजना अधीन शनिवार को नगर निगम के ऑडिटोरियम हॉल में नगर निगम के मेयर संजीव शर्मा बिट्टू ने जरूरतमंद लोगों को इस लाभ की पहली किश्त जारी की। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू के अनुसार पंजाब आवास योजना अधीन पहले और दूसरे फेस अधीन क्रमानुसार 125 और 421 जरूरतमंदों की पहचान की गई थी। इनमें से पटियाला शहर के कुल 325 जरूरतमंदों को शनिवार सुबह 11 बजे निगम के आडीटोरियम में डेढ़ लाख रुपये में से पहली किश्त जारी की गई। उन्होंने बताया कि हरेक जरूरतमंद को डेढ़ लाख रुपये दिए जाने हैं और ये राशि चार किश्तों में दी जाएगी। जरूरतमंद लोग अपने घरों की कच्ची छतों को गिराकर पक्की छत बनाने का काम शुरू करने कर पहले चरण की राशि समाप्त कर तुरंत दूसरी किश्त के लिए निगम से दूसरी, इसके बाद तीसरी और चौथी राशि किश्त के रूप में ले सकेंगे। जरूरतमंद लोगों की घरों की छत पक्का करने के लिए दी जा रही इस राशि छतों को पक्का करने पर खर्च हो रही है या नहीं, इस पर संबंधित वार्ड के पार्षद रिपोर्ट तैयार कर निगम को देंगे। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू के अलावा इस अवसर पर सीनियर कांग्रेसी नेता एंव पार्षद नरेश दुग्गल, एफ एंड सीसी सदस्य हरविंदर सिंह निप्पी, अनिल मोदगिल, अतुल जोशी, निखिल बातिश शेरू, कांग्रेसी नेता रूप कुमार, हैपी वर्मा, सुपरिंटेंडेंट गुरविंदर सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
निगम के ऑडिटोरियम हॉल में मेयर संजीव शर्मा बिट्टू जरूरतमंद लोगों को चेक बांटते।